By: Gulab rohit
Nov 12, 20256:04 PM
रायसेन। रायसेन जिले के सांचेत गांव में बुधवार को भगवान काल भैरव का प्रकटोत्सव बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा दोपहर 12 बजे प्रसिद्ध काल भैरव धाम से शुरू हुई। यात्रा में भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए भाग लिया। काल भैरव नगर भ्रमण पर निकले और यात्रा सांचेत के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस धाम पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालुओं के लिए नगर भंडारे का आयोजन किया गया।
रात में होगी भजन संध्या, शहनाज अख्तर देंगी प्रस्तुति
प्रकटोत्सव के अवसर पर रात में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश की प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भैरव धाम पर जुटे हजारों भक्त
धाम प्रमुख नाना गुरु सरकार ने बताया कि भगवान भैरवनाथ के जन्मोत्सव में हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पति और विधायक प्रतिनिधि जमना सेन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।