By: Gulab rohit
Jul 10, 202529 minutes ago
रायसेन। रायसेन जिले के सिलवानी-सागर रोड पर दो कारों की भीषण टक्कर में रिटायर्ड एसडीओपी की मौत हो गई। जबकि उनका बेटा सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की है। स्टेट हाईवे-15 पर ग्राम सिंहपुरी के पास हादसा हुआ। हादसे में रिटायर्ड एसडीओपी अभिमन्यु मिश्रा (66) की मौके पर मौत हो गई। वे अपने बेटे राहुल मिश्रा (35) के साथ कार में सवार थे और सागर जिले के ढाना गांव से सिलवानी की ओर आ रहे थे। वहीं, दूसरी कार में जितेंद्र (27) और मनोज (35) सवार थे। वे भोपाल से टैक्सी में सागर जिले के बंडा की ओर जा रहे थे।
दोनों गाड़ियों में जबर्दस्त भिड़ंत
सिंहपुरी गांव के पास दोनों गाड़ियों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर में राहुल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें सिलवानी अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया। दूसरी कार में सवार दोनों युवक भी घायल हैं। जिनका इलाज सिलवानी अस्पताल में चल रहा है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी अनिल मौर्य और थाना प्रभारी पूनम सविता सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की मांग की है, क्योंकि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।