खुद पर केरोसिन डाला, पुलिस ने पकड़ा, जमीनी विवाद में सुनवाई नहीं होने से था परेशान
By: Gulab rohit
Nov 18, 202511:12 PM
सागर। सागर के कलेक्टर कार्यालय में युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। घटना देख पुलिसकर्मी दौड़े और उसे पकड़ा। हाथ से केरोसिन की बोतल छीनी। युवक ने कहा कि उसका पारिवारिक जमीनी विवाद चल रहा है। जिसको लेकर उसे परेशान किया जा रहा है। कलेक्टर कार्यालय, पुलिस थाने समेत अन्य अधिकारियों को शिकायत की। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। इसलिए उसे यह कदम उठाना पड़ा है।
दरअसल, मंगलवार को देवीसिंह पिता धीरज सिंह यादव निवासी किशनपुरा जनसुनवाई में जमीन संबंधी मामले की शिकायत लेकर पहुंचे थे। जहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसी बात से खफा होकर देवी सिंह ने स्वयं पर केरोसिन डाल लिया और आत्मदाह करने की कोशिश की। लेकिन परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। समझाइश देकर शांत कराया।
जमीनी मामले को लेकर परेशान था पीड़ित
देवीसिंह ने बताया कि उनका जमीनी विवाद परिवार के चाचा कृष्ण मुरारी यादव से चल रहा है। मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। लेकिन उन्हें परेशान किया जा रहा है। नरयावली थाने में सुनवाई नहीं हो रही है। पूरा परिवार परेशान है। इसलिए ऐसा कदम उठाना पड़ा। मामले में अधिकारियों ने देवी सिंह की शिकायत सुनी और नियमानुसार समाधान करने का आश्वासन दिया है।