कूनो से बड़ी खुशखबरी: आशा ने बढ़ाया अपना कुनबा, सीएम ने जताई खुशी
कूनों में तीन शावकों के जन्म पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा- कूनो नेशनल पार्क में तीन नन्हें चीता शावकों के आगमन का समाचार अत्यंत आनंददायक है।

श्योपुर। नए साल में श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से आज बड़ी खुशखबरी आई है। यहां मादा चीता आशा ने तीन शावकों को जन्म दिया है। आशा को नामीबिया से लाया गया थी। शावक पूरी तरह से स्वस्थ हैं। तीनों नन्हें शावकों का अठखेलिया करते हुए वीडियो भी सामने आया है। डीएफओ थिरुकुराल आर ने बताया कि नेशनल पार्क का मैदानी अमला और डॉक्टरों की टीम उन पर नजर बनाए हुए हैं। इधर, वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट की टीम ने बाड़े में जाकर इसकी पुष्टि की है। बता दें कि वन विभाग के अधिकारियों ने आशा के गर्भवती होने की खबरों को गलत बताया था। लेकिन अब नए साल में शावकों को जन्म देने की खबर आई है।
कूनों में तीन शावकों के जन्म पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा- कूनो नेशनल पार्क में तीन नन्हें चीता शावकों के आगमन का समाचार अत्यंत आनंददायक है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को चीता स्टेट के रूप में नई पहचान मिली है। वहीं इन नन्हे मेहमानों के इस दुनिया में आने की सूचना केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- जंगल में म्याऊँ!
कूनो में चीजों की संख्या हुई 18
बता दे, 17 सितंबर 2022 में नाबिमिया से आठ चीते लाए गए थे, जिनमें आशा मादा चीता भी शामिल थी। अब चीतों की संख्या शावक सहित 18 हो चुकी है। तीन शावकों के दुनिया में आने से पहले कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में 14 वयस्क और एक शावक चीता मौजूद थे। इनमें सात नर चीते गौरव, शौर्य, वायु, अग्नि, पवन, प्रभाष और पावक शामिल हैं। वहीं सात मादा चीतों में आशा, गामिनी, नाभा, धीरा, ज्वाला, निरवा और वीरा शामिल हैं। इनमें से अभी केवल दो चीते ही खुले जंगल में मौजूद हैं, जो भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को दिख सकते हैं। जबकि शेष सभी चीतों को अभी बड़े बाड़े में ही रखा गया है।