सीहोर जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर ने कांग्रेस को दिया एक ओर झटका
आष्टा। विधानसभा में एक तरफ जहां कांग्रेस गांव-गांव में पैदल यात्रा निकालकर अपना खोया हुआ जनाधार वापस बढ़ाने की तुकबंदी में लगी हुई है

आष्टा। विधानसभा में एक तरफ जहां कांग्रेस गांव-गांव में पैदल यात्रा निकालकर अपना खोया हुआ जनाधार वापस बढ़ाने की तुकबंदी में लगी हुई है, वहीं भाजपा नेता उनके मंसूबे पूरे नहीं होने दे रहे है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर लगातार कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहे है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर के नेतृत्व में भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दिनों ही खजूरिया कासम सरपंच प्रेम मालवीय और पगारिया हाट की सरपंच शबाना बी अकरम के साथ कई सदस्य भाजपा में शामिल हुए थे और अब एक बार फिर गोपाल सिंह इंजीनियर कांग्रेस नेताओं को भाजपा में शामिल करने में सफल हुए हैं। जनसेवा पखवाड़ा में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत जिलेभर में शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। सभी ग्रामवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया जा रहा है।
इन नेताओं ने थामा भाजपा का दामन:
मुख्यमंत्री जनसेवा निवारण शिविर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कामों से प्रभावित होकर जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत ग्वाली तहसील जावर विधानसभा आष्टा की सरपंच गोकुल बाई कमल दूधी कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई। उनके साथ कमल सिंह दूदी, हरि सिंह दूदी, देवकरण दूधी, आसाराम, मांगीलाल, कर्ण सिंह दूदी, कैलाश विश्वकर्मा, केदार सिंह पाटीदार, कमल किशोर, कोईली पाटीदार, संतोष पाटीदार, राधेश्याम मालवीय, मेहरबान सिंह मालवीय एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि मप्र शासन द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर लगातार कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो रहे है और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी कई कांंग्रेस नेता भाजपा में शामिल होंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष जीवन सिंह मंडलोई, जनपद उपाध्यक्ष गजराज सिंह पटेल और सरपंच सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे।