ब्रिटेन सरकार ने आधिकारिक वेबसाइट पर लोगो बदला
अब किंग चार्ल्स-तृतीय का दिख रहा मुकुट
लंदन। ब्रिटेन सरकार ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट के लिए नया लोगो जारी किया है। इस लोगो में दिवंगत क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय की जगह किंग चार्ल्स तृतीय के मुकुट को दिखाया गया है। ब्रिटेन सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को नया लोगो को जारी किया गया। इस लोगो में किंग चार्ल्स- तृतीय का गुंबदाकार मुकुट दिखाया गया है। इससे पहले, इसकी जगह दिवंगत क्वीन एलियाबेथ- द्वितीय का ताज दिखता था। वेबसाइट पर सरकार के सभी विभागों के प्रतीकों को इस नए लोगो से अपडेट किया जाएगा। किंग चार्ल्स-तृतीय ने जब सिंहासन संभाला था तो उन्होंने ट्यूडर ताज को चुना था। इससे पहले क्वीन एलिजाबेथ-द्वितीय एडवर्ड ताज का इस्तेमाल करती थी। सरकार की आधिकारिक वेबसाइट ॠडश्.वङ है। इस वेबसाइट पर कई विभाग डिजिटली दिन-प्रतिदिन सेवाएं देते हैं। देश के उप प्रधानमंत्री ओलिवर डाउडेन ने कहा, "किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक के बाद अब हम राज्य के प्रतीकों को ट्यूडर ताज के नए डिजाइन से अपडेट कर रहे हैं। डिजिटलीकरण हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है और किंग की सरकार के रूप में हम आज आधिकारिक वेबसाइट में किए गए इस बदलाव पर गर्व कर रहे हैं। हम अपने राजा के लिए चुनए गए मुकुट का सम्मान करते हैं।" संसदीय सचिव एलेक्सक बर्गहार्ट ने कहा, "यह वेबसाइट ब्रिटेन में रहने, पढ़ाई करने और काम करने वाले लोगों के जीवन का जरूरी हिस्सा है। इसका इस्तेमाल लाखों लोगों के द्वारा नियमित रूप से किया जाता है। कभी-कभी इस वेबसाइट का इस्तेमाल सरकार की योजनाओं का लाभ हासिल करने या नौकरी ढूंढने के लिए किया जाता है। हमने किंग के पसंद के ताज से वेबसाइट के लोगो को अपडेट किया है। यह वेबसाइट ब्रिटेन सरकार का विश्वसनीय और आधिकारिक डिजिटल घर है।"