मुरैना पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार; 315 बोर की बंदूक जब्त
By: Gulab rohit
Oct 28, 20255:40 PM
मुरैना। मुरैना सिविल लाइन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो और फोटो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक की पहचान कर पहले उस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और फिर सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियारों के साथ कई पोस्ट किए थे। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध बंदूक भी बरामद की है।
26 अक्टूबर को पुलिस ने लिया था संज्ञान
सिविल लाइन थाना पुलिस ने सिकरौदा गांव निवासी अजय शर्मा नामक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक द्वारा कई दिनों से फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अवैध हथियारों के साथ खुद की पोस्ट की जा रही थीं। सोशल मीडिया पर युवक द्वारा किए गए इन पोस्ट को सिविल लाइन पुलिस ने 26 अक्टूबर को संज्ञान में लिया और युवक की तलाश व पहचान में जुट गई।
आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर किया गिरफ्तार
युवक की पहचान होते ही पुलिस ने उस पर अवैध हथियारों के तहत आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
315 बोर की होम मेड बंदूक भी बरामद
सोशल मीडिया पर लगातार अवैध हथियारों के साथ पोस्ट करने वाले युवक अजय शर्मा को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास से एक अवैध होम मेड 315 बोर की बंदूक भी मिली है।
मेवाती होटल से हुई गिरफ्तारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव के अनुसार, "अवैध हथियारों का सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने वाले युवक अजय शर्मा को सिकरौदा मेवाती होटल से गिरफ्तार कर अवैध हथियार भी बरामद किया है।"