मप्र में भिटोनी की लूप लाइन में गैस से भरा वैगन पटरी से उतरा, रेल प्रशासन में मच गया हड़कंप
मप्र में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार की रात में जबलपुर रेल मंडल में भी दो दुर्घटनाओं से मंडल के रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शाम 7:30 बजे कटनी में रेलवे यार्ड में एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर कर नीचे आ गए, जिसे रेलवे कर्मचारियों ने लगभग 1 घंटे के बाद पटरी पर लाकर उसे गंतव्य की ओर रवाना किया।

जबलपुर। मप्र में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार की रात में जबलपुर रेल मंडल में भी दो दुर्घटनाओं से मंडल के रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शाम 7:30 बजे कटनी में रेलवे यार्ड में एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर कर नीचे आ गए, जिसे रेलवे कर्मचारियों ने लगभग 1 घंटे के बाद पटरी पर लाकर उसे गंतव्य की ओर रवाना किया। इस घटना के बाद मंगलवार रात 10:30 बजे भेड़ाघाट के निकट भिटोनी में गैस से भरे मालगाड़ी का बैगन पटरी से उतर गया।
जानकारी लगते ही अधिकारी पहुंचे
घटना के बाद ही जबलपुर रेल मंडल के कंट्रोल कार्यालय में आला अधिकारी समय रहते पहुंच गए, हालांकि भिटौनी गैस डिपो प्रशासन का कहना था कि नियम के मुताबिक सुबह ही बैगन को पटरी पर लाया गया। रात को कोई काम नहीं किया। इसके बाद आला अधिकारी कंट्रोल रूम से वापस घर लौट गए।
रेलवे के दुर्घटना सूचक हूटर बज उठे
घटना की खबर लगते ही रेलवे के दुर्घटना सूचक हूटर रात 10:30 बजे अचानक बजे उठे। जिसके उपरांत खबर लगते ही इस ट्रेन को वापस पटरी पर लाने के लिए रेलवे का अमला भेड़ाघाट की ओर चल दिया है। दोनों ही घटनाओं से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।