गंजबासौदा। विकसित कृषि संकल्प अभियान का समापन गुरुवार को ग्राम बीलाडाना, हरगनाखेड़ी और अंबानगर में हुआ। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा। कार्यक्रम विकासखंड बासौदा की 24 पंचायतों में आयोजित किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी, मिट्टी परीक्षण और नवाचार की जानकारी दी। किसानों को नरवाई प्रबंधन, उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग, सोयाबीन और धान सहित अन्य फसलों की उन्नत किस्मों के चयन, संतुलित बीज दर, खाद और उर्वरक के संतुलित उपयोग, कीटनाशकों की उचित मात्रा, एकीकृत फसल पद्धति, प्राकृतिक और जैविक खेती के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में राजस्व अनुविभागीय अधिकारी विजय राय ने नरवाई प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा पर किसानों को जागरूक किया। उन्होंने वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आशीष आर्य, उद्यानिकी और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जनप्रतिनिधि ने भी किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कृषि विस्तार अधिकारी सूर्यभान सिंह थानेश्वर ने किया। कार्यक्रम में विकासखंड के समस्त कृषि विस्तार अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहें।