हिमाचल प्रदेश में अब तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से 818 करोड़ की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हो चुका है। बिहार के नालंदा जिले में कई निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति है। झारखंड से बारिश का पानी नदी में आने की वजह से फल्गु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
By: Arvind Mishra
Jul 17, 20255 hours ago
हिमाचल प्रदेश में अब तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से 818 करोड़ की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हो चुका है। बिहार के नालंदा जिले में कई निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति है। झारखंड से बारिश का पानी नदी में आने की वजह से फल्गु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में एक हफ्ते से तेज बारिश जारी है। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली 6 फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं। असम के दीमाहसाओ में नेशनल हाईवे के निर्माण के दौरान लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी की वजह से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। इधर, मध्यप्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। कई जिलों में बाढ़ के हालात निर्मित हो गए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है। भोपाल में सुबह से कभी तेज, कभी हल्की बारिश हो रही है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते सोनभद्र, मिर्जापुर और जौनपुर में 8वीं तक के सभी स्कूल गुरुवार के लिए बंद कर दिए गए। इससे पहले प्रयागराज में कई स्कूलों के मैनेजमेंट स्कूल बंद रखने का फैसला किया था। हालांकि, मैसेज देर से पहुंचने की वजह से काफी स्टूडेंट स्कूल पहुंच चुके थे।
मप्र के डिंडोरी में अतिवर्षा के चलते कलेक्टर नेहा मारव्या ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। मऊगंज के भी सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मऊगंज जिले के नई गढ़ी कस्बे में कई घरों में पानी घुस गया है। लोग जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। थाना परिसर भी पानी में डूबा हुआ है।
हरदा की मटकुली नदी में पुलिसकर्मी की कार बह गई। उसने पुलिया पर पानी होने के बावजूद कार निकालने का प्रयास किया था। पुलिसकर्मी ने समय रहते कार से कूदकर जान बचा ली। पीथमपुर में तीन मंजिला मकान की निर्माणाधीन दीवार बारिश के कारण गिर गई। हादसे में दो माह की बच्ची की मौत हो गई जबकि पिता घायल हैं।
हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली हाईवे 8 घंटे बाद गुरुवार सुबह 5 बजे खुल गया। बीती रात 9 बजे मंडी के पंडोह में लैंडस्लाइड की वजह से रास्ता बंद हो गया था। इस वजह से वाहन रातभर हाईवे पर फंसे रहे। मंडी पुलिस ट्रैफिक रेगुलेट कर रही है क्योंकि अभी भी बीच-बीच में पत्थर गिर रहे हैं। मंडी पुलिस ने लोगों से सतर्क बरतने की अपील की है।