घोटाले में बीएमसी को 65 करोड़ का नुकसान होने की बात कही गई है। छापेमारी मुंबई और कोच्चि में स्थित 15 से अधिक परिसरों में की गई। जांच मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है।
By: Star News
Jun 06, 202512 hours ago
मुंबई। ईडी की टीम ने मीठी नदी से गाद निकालने के घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत महाराष्ट्र और केरल में छापेमारी की। इस घोटाले में बीएमसी को 65 करोड़ का नुकसान होने की बात कही गई है। छापेमारी मुंबई और कोच्चि में स्थित 15 से अधिक परिसरों में की गई। जांच मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है। दरअसल, इस घोटाले का मास्टरमाइंड बृहन्मुंबई महानगरपालिका के इंजीनियर प्रशांत रामुगड़े को बताया जा रहा है। जांच में पता चला है कि मीठी नदी से गाद हटाने की बजाय, ठेकेदारों ने निजी बिल्डरों का मलबा उठाकर ट्रकों में भरा और ऊपर से पतली परत में गाद डाल दी ताकि किसी को सच्चाई पता ही न चले। इस धोखाधड़ी में फर्जी बिल बनाकर बीएमसी से करोड़ों रुपए वसूला गया। अधिकारियों का मानना है कि वास्तव में कोई भी गाद हटाने का कार्य नहीं किया गया।
बीएमसी के कुछ अधिकारियों और कुछ अन्य के खिलाफ ईडी का मामला मीठी नदी से गाद निकालने में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की ओर से दर्ज की गई एफआईआर से निकला है। घोटाले में मीठी नदी से 65 करोड़ का नुकसान हुआ है।
ईओडब्ल्यू ने घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदारों सहित 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह नदी शहर से होकर अरब सागर में गिरती है। आरोप है कि विशेष ड्रेजिंग उपकरण किराये पर देने की निविदाओं में कुछ आपूर्तिकर्ताओं को लाभ पहुंचाने हेरफेर किया गया है।
मीठी नदी घोटाले में बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया और उनके भाई सैंटिनो मोरिया का नाम जांच के दौरान सामने आया। ईओडब्ल्यू के अनुसार, नदी को साफ करने का ठेका उठाने वाले केतन कदम के कॉल रिकॉर्ड्स से पता चला कि उन्होंने डिनो और सैंटिनो से कई बार फोन पर बात की थी। 26 मई 2025 को मुंबई पुलिस ने डिनो मोरिया से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। डिनो ने 27 मई 2025 को बॉम्बे हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दायर की है। अभी तक उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन उनकी भूमिका की जांच जारी है।
शिव सेना के नेता संजय निरुपम ने इस मामले में शिव सेना (यूबीटी) के मुखिया व वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे और डिनो मोरिया के बीच नजदीकी होने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। संजय ने आरोप लगाया है कि आदित्य ने डिनो को जिम्नेजियम का कॉन्ट्रैक्ट भी दिया था। हालांकि, अभी तक पुलिस की किसी भी जांच शाखा ने उनके खिलाफ पड़ताल नहीं शुरू की है।
घोटाले से बीएमसी को 65.54 करोड़ से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, दावा किया जा रहा है कि पूरा कॉन्ट्रैक्ट 1,150 करोड़ का है। मुख्य आरोपी केतन कदम और जय जोशी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 11 अन्य फरार हैं।