By: Arvind Mishra
Jul 16, 20254 hours ago
रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद यादव को अंतिम विदाई दी गई। बड़े बेटे ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री के दोनों बेटे अभिमन्यु और वैभव अपनी बुआ कलावती यादव के साथ, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उनको श्रद्धांजलि देने पहुंची। सीएम डॉ. मोहन यादव सात दिन की दुबई और स्पेन यात्रा पर हैं। सीएम के साथ पत्नी भी विदेश दौरे पर हैं। जिस वक्त उनके ससुर के निधन की खबर आई, उस दौरान सीएम दुबई से स्पेन के लिए रवाना हो चुके थे। वे जरूरी बैठकों और दूरी के कारण रीवा नहीं पहुंच पाए। इधर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले उनके पूज्य ससुर श्रद्धेय ब्रह्मानंद यादव से सदैव कार्य निष्ठा की शिक्षा और प्रेरणा मिली है। मुख्यमंत्री ने उनके देवलोकगमन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि गहन शोक की इस घड़ी में यही शिक्षा व प्रेरणा मुझे संबल प्रदान करती है कि मैं विदेश यात्रा पर मध्यप्रदेश के विकास के संकल्प को पूरा कर पाऊं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्मानंद यादव एक शिक्षक थे और उन्होंने जीवन का हर क्षण मां भारती की सेवा के लिए न्यौछावर कर दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की एवं शोकाकुल परिजन के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सीएम ने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति एवं मोक्ष के लिए प्रार्थना की है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ब्रह्मानंद यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. यादव ने अपना जीवन शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित किया। देवड़ा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सीएम के ससुर ब्रह्मानंद के निधन पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने श्रद्धांजलि अर्पित की एवं शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। शुक्ल ने कहा कि स्व. यादव ने अपना जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अनुषांगिक संगठनों के कार्य में समर्पित करते हुए राष्ट्र सेवा में योगदान दिया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।