पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन अंबाला से आधा किलोमीटर आगे सरहिंद स्टेशन के पास पहुंची थी।
By: Arvind Mishra
Oct 18, 20258 hours ago
नई दिल्ली। स्टार समाचार वेब
पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन अंबाला से आधा किलोमीटर आगे सरहिंद स्टेशन के पास पहुंची थी। ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी रेलवे कर्मियों को दी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना सुबह 7:30 बजे की है। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। दरअसल, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ (12204, बिहार जाने वाली) ट्रेन में अचानक आग लग गई। ट्रेन के 2-3 एसी डिब्बों में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से एक महिला यात्री झुलस गई। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। चलती ट्रेन में आग की घटना फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास हुई है।
फतेहगढ़ साहिब के ब्राह्मणमाजरा के पास अचानक ट्रेन में आग लग गई। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही नगर कौंसिल सरहिंद के दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी हुई बताई जा रही है। ट्रेन का एसी डिब्बा (जी-19, 223125/सी) बुरी तरह प्रभावित हुआ, जबकि 2 अन्य डिब्बों को भी नुकसान पहुंचा। उन्हें ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया।
हालांकि, ट्रेन से सामान निकालते समय एक महिला झुलस गई है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब भेजा गया है। आग का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, क्योंकि प्रभावित डिब्बे इलेक्ट्रिक पैनल वाले डिब्बे के बगल में थे। स्थिति नियंत्रण में है। घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
सरहिंद जीआरपी एसएचओ रतन लाल ने बताया कि जैसे ही ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलता देखा गया, ट्रेन रोक दी गई और कोई हताहत नहीं हुआ। यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आग लगने से तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद चलेगा। घटना को लेकर रेल मंत्रालय की ओर से कहा गया कि पंजाब के सरहिंद स्टेशन पर सुबह ट्रेन संख्या 12204 अमृतसर-सहरसा के एक डिब्बे में आग लग गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग बुझा दी गई है।