मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से पूर्व सांसद और भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा सिह ठाकुर अपने काम से ज्यादा बयानों को लेकर चर्चाओं में बनी रहती हैं। इस बार उन्होंने लव जिहाद पर ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति गरमा दी है।
By: Arvind Mishra
Oct 19, 20259 minutes ago
भोपाल। स्टार समाचार वेब
अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियां बटोरनी वाली भाजपा की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, अब भाजपा नेत्री ने बेटी के पालन और लव जिहाद को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसने एक नई बहस छेड़ दी है। प्रज्ञा ने कहा- अगर कोई लड़की माता-पिता की बात नहीं मानती और किसी अन्य धर्म के युवक के पास जाने की कोशिश करती है, तो परिवार को उसे रोकने और सही मार्ग पर लाने में कड़ा रुख अपनाना चाहिए। अगर आवश्यक हो तो उसे डांटना चाहिए, ताकि उसका भविष्य सुरक्षित रहे। अगर लड़की बात न माने तो उसकी टांगें तोड़ दो। उसके भविष्य के लिए अगर पीटना पड़े तो पीछे मत हटना। प्रज्ञा ने कहा- जब बेटी बड़ी होती है तो वह अक्सर अपने रास्ते खुद चुनने लगती है। कभी-कभी घर से भागने की भी कोशिश करती है। ऐसे मामलों में परिवार को सतर्क रहना चाहिए। हर संभव प्रयास करना चाहिए ताकि बेटी सही मार्ग पर रहे। अगर उसे समझाने के लिए सख्ती करनी पड़े तो पीछे मत हटो।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि साध्वी प्रज्ञा जैसे विवादित नेताओं के बयान अक्सर मीडिया और जनता का ध्यान आकर्षित करते हैं और चुनावी माहौल को भी प्रभावित कर सकते हैं। उनका यह बयान केवल भोपाल या मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के कारण यह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है।
कई महिला अधिकार संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता इस बयान की निंदा कर चुके हैं। उनका कहना है कि किसी भी तरह का दबाव, धमकी या शारीरिक सख्ती किसी के व्यक्तिगत अधिकारों के खिलाफ है। वहीं, कुछ लोग इसे परिवार की परंपरागत भूमिका और बच्चों की सुरक्षा के संदर्भ में देख रहे हैं। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर समाज में लव जिहाद और पारिवारिक नियंत्रण को लेकर बहस को हवा दे दी है।