गंजबासौदा। नगर में अपराधियों की पहचान और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे दो महीने से बंद हैं। इन कैमरों का संचालन जय स्तंभ चौक स्थित पुलिस यातायात केंद्र से होता है। कैमरे चलाने का जिम्मा जिस ठेकेदार को दिया गया था, उसे दो महीने से भुगतान नहीं मिला। भुगतान न मिलने पर ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। इसके चलते पूरा सिस्टम ठप पड़ा है। पूर्व में व्यापार महासंघ ने पुलिस को 132 सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध कराए थे। तब इनका नियंत्रण सिटी कोतवाली से होता था। बाद में कई कैमरे खराब हो गए। जन सहयोग से इन्हें ठीक कर यातायात पुलिस चौकी को नया केंद्र बनाया गया। लेकिन यातायात पुलिस इसे सुचारु रूप से नहीं चला सकी। यह केंद्र दो साल तक लगातार संचालित होता रहा था। इसकी हकीकत शुक्रवार को सामने आई। रथ यात्रा के दौरान भीड़ में शामिल आपराधिक तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देखना चाहा गया। तब पता चला कि कैमरे और पूरा सिस्टम बंद है। चौकी में पदस्थ एएसआई देवकीनंदन गुरु ने बताया कि ठेकेदार को राशि नहीं मिली, इसलिए उसने संचालन बंद कर दिया। नगर में आए दिन अपराध होते हैं। इन पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी का चालू रहना जरूरी है। रथ यात्रा के दौरान एक दर्जन से ज्यादा चेन झपटने, मंगलसूत्र और पर्स चोरी की घटनाएं हुईं। अपराधी इसी खामी का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि चौक-चौराहों पर लगे कैमरे तुरंत ठीक कराए जाएं।