कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है।
By: Star News
बोगोटा। कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। दावा किया जा रहा है कि उरीबे को तीन गोलियां लगी है, इनमें से एक गोली के उनके सिर में लगी है। उरीबे की हालत को देखते हुए पूरे शहर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं पुलिस ने 15 साल के आरोपी हमलावर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मिगुएल उरीबे तुर्बाय पर जानलेवा हमला हुआ। उरीबे को एक शख्स ने तीन गोलियां मारी, जिनमें से दो उनके सिर में लगी हैं। घटना एक पार्क में हुई जब उरीबे एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस हमले के बाद पूरे कोलंबिया में आक्रोश और चिंता फैल गई है। राजनीतिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और आम जनता लोकतंत्र के इस घोर अपमान पर दु:ख और गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
उरीबे की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि भाषण के बीच ही गोली चलती है और वहां मौजूद लोग घबराकर भागने लगते हैं। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद हमलावर को गिरफ्तार किया है।
उरीबे की पार्टी सेंट्रो डेमोक्रेटिको ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक नेता की जान पर हमला नहीं, बल्कि कोलंबिया की लोकतंत्र और आजादी पर सीधा हमला है। कोलंबिया के वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो की सरकार ने भी इस हमले को लोकतंत्र के खिलाफ हिंसा का गंभीर कृत्य करार देते हुए घटना की निंदा की है।
मिगुएल उरीबे ने अक्टूबर 2024 में घोषणा की थी कि वे 2026 के राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार होंगे। वे कोलंबिया की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं और पहले भी कई अहम पदों पर रह चुके हैं। उरीबे की मां डायना तुर्बाय कोलंबिया की जानी-मानी पत्रकार थीं। 1991 में मेडेलिन ड्रग्स कार्टेल ने उन्हें अगवा कर लिया था। उस समय इस गिरोह का संचालन कुख्यात ड्रग माफिया पाब्लो एस्कोबार कर रहा था। एक रेस्क्यू आॅपरेशन के दौरान डायना तुर्बे की मौत हो गई थी।