स्पोर्ट्स डेस्क, स्टार समाचार वेब.
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम के कुछ प्रमुख खिलाड़ियों द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच 'हैंडशेक विवाद' का मज़ाक उड़ाने पर भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों में भारी आक्रोश है। एक वीडियो में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, जोश हेजलवुड और महिला टीम की एलिसा हीली, ग्रेस हैरिस, एलाना किंग जैसे दिग्गज खिलाड़ी हाथ मिलाने (हैंडशेक) के नाम पर कई तरह के इशारे, जिनमें कुछ आपत्तिजनक भी थे, करते हुए दिखाई दिए।
यह विवादास्पद वीडियो ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख स्पोर्ट्स चैनल केयो स्पोर्ट्स (Kayo Sports) द्वारा X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया गया था। हालांकि, बड़े पैमाने पर विवाद बढ़ने के बाद चैनल ने इसे तुरंत डिलीट कर दिया।
वीडियो में क्या था?
वीडियो की शुरुआत में एंकर यह कहते हुए नज़र आते हैं कि 'हम सब जानते हैं कि भारतीय टीम आ रही है। वह एक शानदार टीम है, लेकिन हमने उनकी बड़ी कमजोरी खोज ली है।' इस पर दूसरा एंकर जोड़ता है, 'हमें पता है कि उन्हें ट्रेडिशनल ग्रीटिंग (पारंपरिक अभिवादन - हैंडशेक) ज्यादा पसंद नहीं है, तो क्यों न मैच शुरू होने से पहले ही उन्हें कंफ्यूज कर दिया जाए।'
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को दिखाया जाता है जो भारतीय खिलाड़ियों का अभिवादन करने के अलग-अलग तरीके सुझाते और उन पर चर्चा करते हैं। कोई हाई-फाइव दिखाता है, कोई अपनी मांसपेशियों (मशल्स) का प्रदर्शन करता है, जबकि कुछ खिलाड़ियों ने हँसते हुए आपत्तिजनक इशारे भी किए।
इस असंवेदनशील मज़ाक पर भारतीय फैंस सोशल मीडिया पर भड़क उठे हैं। एक यूजर ने इसे 'असंवेदनशील मज़ाक' करार दिया। यह घटना भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज से ठीक पहले हुई है।
क्या है 'हैंडशेक विवाद'?
यह विवाद एशिया कप के दौरान शुरू हुआ था जब भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था। बाद में भारतीय महिला टीम ने भी विमेंस वर्ल्ड कप में इसी 'स्टैंड' को बरकरार रखा। भारत ने यह कदम कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में अपनी एकजुटता और विरोध दर्ज कराने के लिए उठाया था।