मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से सूरत लौट रहा एक परिवार उस वक्त हादसे का शिकार हो गया जब उनकी कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई।
By: Arvind Mishra
Jun 19, 20258 hours ago
भोपाल। स्टार समाचार बेव
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से सूरत लौट रहा एक परिवार उस वक्त हादसे का शिकार हो गया जब उनकी कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी मूलत: उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले के दुबेपुरवा भवानीपुर मोजा के रहने वाले हैं और सूरत में काम करते हैं। परिवार शादी समारोह में शामिल होने यूपी में अपने गांव गया था। दरअसल, राजगढ़ जिले के पचोर में एक्सयूवी 500 कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। कार सवार दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने शाजापुर जिला अस्पताल में दम तोड़ा। तीन लोग घायल हैं। कार सवार सभी लोग अयोध्या से सूरत जा रहे थे। राजगढ़ में ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे हादसा हो गया। अहमदाबाद जा रहे एक एम्बुलेंस चालक और ट्रक ड्राइवरों ने मिलकर कार का दरवाजा तोड़ा। उन्होंने शवों और घायलों को बाहर निकाला। पचोर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को पचोर एम्बुलेंस से पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
परिजन आयुष दुबे ने बताया, हमने बुधवार को अयोध्या दर्शन किए। शाम को यूपी के गोंडा जिले के दुबेपुरवा भवानीपुर से दो कारों में सूरत के लिए निकले थे। रास्ते में हम सभी ने ढाबे पर चाय पी। इसके एक घंटे बाद ही एक कार का हादसा हो गया। वहीं अहमदाबाद जा रहे एम्बुलेंस चालक यग्नेश भाई रावल ने बताया, हाईवे पर कार से धुआं उठता देखा। इसके बाद ट्रक चालकों की मदद से कार से सभी को बाहर निकाला।
हादसे के बाद दूसरी कार के परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस कार का एक्सीडेंट हुआ, उसे भोलेनाथ दुबे चला रहे थे। साथ में उनकी पत्नी पुष्टम दुबे, बेटा अनमोल दुबे, बेटी अंशिका दुबे, बहन प्रमिला पांडे, उनका बेटा प्रियांशु पांडे और बड़ी बहन शिवदेवी तिवारी बैठे थे। जहां अनमोल दुबे (16) और प्रियांशु पांडे (11) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रमिला पांडे (55) और शिव देवी तिवारी (45) की मौत शाजापुर जिला अस्पताल में हुई। पुष्टम दुबे (50), अंशिका दुबे (14) और भोलेनाथ दुबे घायल हैं।
चार घायलों को पचोर से अस्पताल से लाया गया था। उपचार के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। एक बच्ची और एक महिला का इलाज जारी है। वहीं, भोलेनाथ को मामूली चोटें आई हैं।
डॉ.दीपक पाटीदार, शाजापुर जिला अस्पताल