देशभर में बारिश का कहर जारी है। लोगों का जीनवन अस्त-व्यस्त हो गया है। झारखंड में तेज बारिश हुई। रामगढ़ जिले के महुआ टांगरी में सुबह के वक्त अवैध कोयला खदान धंस गई। घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए।
By: Arvind Mishra
Jul 06, 20253 hours ago
देशभर में बारिश का कहर जारी है। लोगों का जीनवन अस्त-व्यस्त हो गया है। झारखंड में तेज बारिश हुई। रामगढ़ जिले के महुआ टांगरी में सुबह के वक्त अवैध कोयला खदान धंस गई। घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। राज्य में सोमवार तक तेज बारिश का आॅरेंज अलर्ट घोषित है। इधर, मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से बाढ़ के हालात हैं। तेज बारिश के कारण मंडला जिले में नर्मदा नदी उफान पर है। नरसिंहपुर को होशंगाबाद से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर मौजूद पुल ही ढह गया। हिमाचल प्रदेश में में अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है। 288 लोग घायल हुए हैं। बादल फटने की घटनाओं में सबसे ज्यादा 14 मौतें मंडी जिले में हुई हैं। यहां 55 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य में तेज बारिश का रेड अलर्ट है। यूपी के मिर्जापुर में लगातार बारिश से पहाड़ दरक गया। रीवा नेशनल हाईवे पर एक किमी के दायरे में 6 जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। बिहार के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तेज हवा भी चल सकती है। हिमाचल में रविवार को सुबह से ही मंडी जिला में तेज बारिश आरंभ हो गई। इससे जहां राहत व बचाव कार्य प्रभावित हुए हैं। वहीं पद्धर उपमंडल की चौहारघाटी की ग्राम पंचायत सिल्हबुधाणी में बादल फटने से ग्रामीणों की उपजाऊ जमीनें बह गई। हालांकि, अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। प्रशासनिक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
एक नाले में बाढ आ गई, इसके आस पास स्थित जमीन इसकी चपेट में आई है। मौके पर भेजी टीम के पहुंचने के बाद ही आगामी स्थिति का पता चलेगा। दूसरी ओर सराज में बारिश के कारण लोग फिर सहमे हुए हैं। प्रशासन की और से जारी अलर्ट के बाद देर रात तक लोग जागते रहे, रात करीब 2 बजे हल्की बारिश आरंभ हुई।
सुबह ये तेज हो गई। प्रशासन शनिवार को ही सराज पहुंचा था, इससे राहत कार्य तेजी आने की उम्मीद थी, लेकिन आज हो रही बारिश में फिर से चिंताएं बढ़ा दी हैं। सड़क मार्ग को भी इस स्थिति में बहाल करने में दिक्कत आ रही है। अब तक 55 लोग 30 जून की वर्षा के बाद से लापता हैं और 18 शव बरामद हो चुके हैं।
चौहार घाटी की ग्राम पंचायत सिल्हबुधाणी के कोरतंग गांव में शनिवार देर रात बादल फटने की घटना से भारी तबाही मच गई। घटना में एक बस योग्य पुल सहित तीन पैदल पुल (फुटब्रिज) पूरी तरह से बह गए हैं। गांववासियों की मलकीयत उपजाऊ भूमि, खड़ी फसलें और बगीचे भी मलबे व पानी में समा गए हैं, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पंचायत प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर और बीडीसी सदस्य कमला ठाकुर ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन स्थानीय अवसंरचना को गहरी क्षति पहुंची है। एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशासनिक दल मौके के लिए रवाना हो चुका है और नुकसान के आकलन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।