दो दिन में 3.5 डिग्री लुढ़का पारा, न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री पहुंचा
By: Gulab rohit
Nov 07, 20256:40 PM
नर्मदापुरम। नर्मदांचल समेत प्रदेश के कई जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। पिछले दो दिनों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर से आ रहीं ठंडी हवाओं के कारण नर्मदापुरम की रातें हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। शुक्रवार को बैतूल में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री और नर्मदापुरम में 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा। सिर्फ 48 घंटे में बैतूल में 5.3 डिग्री और नर्मदापुरम में 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट हुई है।
शहर में रातें ठंडी हो रही हैं और सुबह लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। नर्मदापुरम में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को घटकर 16.8 डिग्री रह गया। वहीं अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर पचमढ़ी में शुक्रवार को दिन का तापमान 26.4 डिग्री और रात का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज हुआ। इससे साफ है कि इस बार मैदानी इलाकों में ठंड जल्दी और तेजी से असर दिखा रही है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, ठंड और तेज होगी और देर रात व सुबह के समय सर्दी ज्यादा महसूस की जाएगी।