साधारण पृष्ठभूमि से हासिल किया बड़ा मुकाम
By: Gulab rohit
Nov 13, 202510:04 PM
दमोह। दमोह जिले के पथरिया निवासी शुभांशु सोनी ने कठिन परिश्रम और मजबूत इरादों के बल पर सिविल जज बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पहले ही प्रयास में हासिल कर यह साबित कर दिया कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए केवल हौसला और निरंतर मेहनत की आवश्यकता होती है। पथरिया के वार्ड 12 पूर्व पार्षद संजय सोनी के सुपुत्र शुभांशु का जीवन सरल रहा लेकिन उनके सपने हमेशा ऊंचे थे। छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी भी लक्ष्य से समझौता नहीं किया। इसी संकल्प का नतीजा रहा कि उन्होंने न्यायिक सेवा जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।
साधारण शिक्षा से शुरू हुआ सफर
शुभांशु की शुरूआती पढ़ाई सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पथरिया से हुई और लॉ की पढाई डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर से पूरी की। यह सफर दिखाता है कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए जरूरी नहीं कि शिक्षा किसी नामीगिरामी संस्थान से ही हो बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति सबसे महत्वपूर्ण होती है।
कानून की पढ़ाई और तैयारी
शुभांशु ने साल 2015 से 2020 तक हरि सींग गौर विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी लगन से न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए उन्होंने समय, ऊर्जा और मेहनत को केवल पढ़ाई में लगाया और किसी भी प्रकार के विचलन को अपने पास नहीं आने दिया। बधाई देने वाले में राजेन्द्र गुरु, मदन सोनी, चाचा संदीप सोनी, सजीव सराफ, मोनू बजाज, प्रबल सोनी, शांतुन सोनी, दीपाली भोजक, अशु अग्रवाल दिनेश अग्रवाल शामिल हैं।