कलेक्टर सोनिया मीणा खरीदी केंद्र पर मूंग की खरीदी की अंतिम तारीख पर जांच करने पहुंचीं। उनके साथ एसडीएम प्रियंका भलावी और जिला उपार्जन समिति टीम पहुंची।
By: Gulab rohit
Aug 07, 202511 hours ago
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीणा खरीदी केंद्र पर मूंग की खरीदी की अंतिम तारीख पर जांच करने पहुंचीं। उनके साथ एसडीएम प्रियंका भलावी और जिला उपार्जन समिति टीम पहुंची। टीम ने सोहागपुर ब्लॉक के अलग-अलग खरीदी केंद्रों पर जांच की। उन्होंने नर्मदा वेयरहाउस के केंद्र में खरीदी कर रखी मूंग की स्थिति देखी। सील पैक बोरियों के सैंपल निकाले गए।
इनमें से अमानक स्तर की मूंग निकली। कलेक्टर मीना ने सख्त लहजे में अमानक मूंग खरीदने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल पंचनामा बनवाया और केंद्र में रखी मूंग अपग्रेड करवाएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर मूंग के सैंपल की जांच की।
कलेक्टर मीना ने सेवा सहकारी समिति खिड़िया नर्मदा वेयरहाउस के अलावा, सीडब्ल्यूसी सोहागपुर मंडी परिसर, नन्नू महाराज झिरमटा, रानी पिपरिया विशाल वेयरहाउस का निरीक्षण किया है।इस दौरान एसडीएम प्रियंका भल्लावी, वेयरहाउस कापोर्रेशन के जिला प्रबन्धक, वासुदेव दंवनडे, कृषि विभाग के अधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।
मूंग को वापस ले जाना पड़ा
नर्मदापुरम में एमपी डब्ल्यू एलसी गोदाम में बने खरीदी केंद्र पर एक किसान कमल सिंह मीना मूंग बेचने से चूक गया। किसान ने कहा मैंने 130 क्विंटल मूंग लेकर आया था। जिसमें 80 क्विंटल मूंग खरीद की गई। 50 क्विंटल मूंग बेचना था। जिसे कचरा, एफएक्यू मूंग न होने से मुझे पंखा लगाने का कहा गया।
किसान बोला- खराब बोलकर नहीं की खरीदी
6 अगस्त को मेरे स्लॉट की वैलिडिटी खत्म होने की अंतिम तारीख थी। लेकिन सेवा सहकारी समिति जासलपुर के केंद्र प्रभारी ने मेरी नहीं खरीदी। किसान का कहना है कि 130 क्विंटल मूंग एक जैसी थी। सिर्फ 80 क्विंटल खरीदी, 50 क्विंटल भी वैसी ही थी। लेकिन खराब बोलकर नहीं खरीदा गया। गुरुवार को किसान को केंद्र से मूंग ट्राली में भरकर ले जाना पड़ा। केंद्र प्रभारी संदीप परसाई का कहना है कि किसान की उतनी मूंग खराब थी। पंखा लगाने का कहा, पर उसने नहीं लगाया।
लगभग दो लाख टन मूंग खरीदी
मूंग खरीदी के लिए जिले में 102 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए। इनमें से 63 केंद्रों में खरीदी हुई। 7 जुलाई 2025 से अब तक 62 हजार 291 किसानों से 1 लाख 96 हजार 337 टन से भी ज्यादा की मूंग खरीदी की गई। पिछले साल भी भुगतान खरीदी खत्म होने के एक माह बाद मिला था। तब जो किसान खरीदी से वंचित रह गए थे और उनके लिए पोर्टल 5 दिन और खोला गया था। हालांकि मार्कफेड के जिला अधिकारी देवेंद्र यादव ने बताया की जिले में 8 अगस्त को शाम को 6 बजे खरीदी बंद हो जाएगी। इससे पहले ही समिति वालों को पोर्टल पर खरीदी करनी होगी।