विहिप कार्यकर्ता बोले- यह सोची समझी साजिश
By: Gulab rohit
Aug 19, 20258 hours ago
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में मामूली विवाद सोमवार को अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद की वजह गाय का गोबर सड़क पर चिपकने को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ झगड़ा था, जो लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के हमले तक पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें महिलाएं और पुरुष दोनों एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाते नजर आ रहे हैं।
घटना में कुल 7 लोग घायल हुए, जिन्हें पहले पचमढ़ी सिविल अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। मारपीट के इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है।
गोबर चिपकने पर शुरू हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमला
मामला पचमढ़ी के नालंदा टोला क्षेत्र का है। चंद्रप्रकाश मालवीय नामक युवक अपनी जिप्सी से घर लौट रहा था। रास्ते में मंसूर अली के घर के सामने सड़क पर जिप्सी का टायर गाय के गोबर से सना हुआ था। जब जिप्सी गुजरी, तो गोबर सड़क पर चिपक गया। इसी बात पर मंसूर अली की पत्नी ने आपत्ति जताई और चंद्रप्रकाश पर झाड़ू से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे घनश्याम मालवीय पर भी हमला हुआ। इसके बाद दोनों परिवारों में मारपीट शुरू हो गई। महिलाओं और पुरुषों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। वीडियो में झगड़ा फिल्मी अंदाज में होते दिखाई दे रहा है, जहां लोग ईंट-पत्थर फेंकते और मारपीट करते नजर आते हैं।
बुजुर्ग माता-पिता पर भी हमला
घटना के दौरान घनश्याम मालवीय के बुजुर्ग माता-पिता काशीराम और शांतिबाई को भी चोटें आईं। वीडियो में वे खुद को बचाते नजर आ रहे हैं। मालवीय परिवार के चंद्रप्रकाश, घनश्याम, धीरेन्द्र भी घायल हुए। वहीं दूसरी ओर मंसूर अली और रफीक खान सहित दो लोग दूसरे पक्ष से घायल हुए हैं।
आरएसएस पदाधिकारी भी झगड़े में घायल
इस झगड़े में आरएसएस के शारीरिक खंड के पदाधिकारी घनश्याम मालवीय भी घायल हुए हैं। इससे हिंदू संगठनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य झगड़ा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश हो सकती है।