भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने स्थित मेहता इंडस्ट्री में भीषण आग लग गई। फैब्रिकेशन फैक्ट्री के लकड़ी गोदाम में लगी आग को बुझाने के लिए नगर निगम और पुलिस की टीमें जुटी हैं।
By: Star News
Feb 15, 20265:29 PM
भोपाल। स्टार समाचार वेब
राजधानी के व्यस्ततम इलाके इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के पास स्थित मेहता इंडस्ट्री में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। यह फैक्ट्री फैब्रिकेशन और लकड़ी के काम के लिए जानी जाती है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री के पिछले हिस्से में स्थित लकड़ी और प्लाईवुड का बड़ा गोदाम इसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब पौने 4 बजे की है। फैक्ट्री के पिछले हिस्से से अचानक काला धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। गर्मी और ज्वलनशील पदार्थ (लकड़ी व प्लाईवुड) होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। वर्तमान में मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम की सात दमकले और डायल 112 की 2 गाड़ियां और भारी पुलिस बल अग्निशमन दल के कर्मचारी फैक्ट्री के पिछले हिस्से में जमी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। संकरी जगह और लकड़ी के ढेर के कारण आग बुझाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र को खाली करा लिया है। फैक्ट्री के आसपास की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है ताकि किसी भी तरह के शॉर्ट सर्किट या अन्य बड़े हादसे को रोका जा सके।
जनहानि नहीं: राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में अभी तक किसी जनहानि (Loss of life) की सूचना नहीं है। गोदाम में रखी भारी मात्रा में कीमती लकड़ी और तैयार फर्नीचर जलकर राख हो गया है, जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी उठी होगी, जिसने लकड़ी के सामान को पकड़ लिया।
प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और उसे आसपास की अन्य इमारतों तक फैलने से रोकने की है। आग पर नियंत्रण पाने के बाद ही जांच टीम नुकसान का सही आकलन और घटना के कारणों की विस्तृत जांच करेगी।