टेक्सास की ग्वाडालूप नदी में आई बाढ़ ने तबाही मचाई है। बाढ़ के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तमाम लोगों की जान चली गई है। बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं।
By: Sandeep malviya
Jul 08, 20255:22 PM
वॉशिंगटन। अमेरिका के टेक्सास में ग्वाडालूप नदी में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के चलते 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 30 से अधिक लोग लापता हैं। खोज और बचाव दल लोगों की तलाश में जुटे हैं। टीमें उफनाती नदी में उतरने और किनारों पर जमा हुए पेड़ों को हटाने का काम कर रहे हैं।
टेक्सास हिल कंट्री में स्थित सौ साल पुराने लड़कियों के ईसाई समर कैंप मिस्टिक के संचालकों ने कहा कि बाढ़ के चलते उनके 27 कैंपर और काउंसलर मारे गए हैं। वहीं केर काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि 10 कैंपर और एक काउंसलर अभी भी नहीं मिले हैं। जबकि बचाव टीमों ने कैंप मिस्टिक तथा कई अन्य ग्रीष्मकालीन शिविरों से 28 बच्चों सहित 84 लोगों के शव बरामद किए हैं। अफसरों का कहना है कि बारिश के चलते मध्य टेक्सास के कुछ हिस्सों में बाढ़ का खतरा है। अफसरों का कहना है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
तहस-नहस हो गए घर, लोगों ने पेड़ों से चिपककर बचाई जान
ग्वाडालूप नदी में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ के नदी के किनारे बने कैंप और घरों को तहस-नहस कर दिया। अचानक आई बाढ़ के बाद लोग अपने केबिनों, टेंटों और ट्रेलरों से बाहर निकल आए। उन्हें तैरते पेड़ों के तने कारों के बीच से कई मील दूर तक घसीटते हुए ले गए। कुछ लोगों ने पेड़ों से चिपककर जान बचाई। वहीं नदीं के किनारों पर गद्दे, रेफ्रिजरेटर और कूलर से भरे हुए पेड़ों के ढेर लग गए। अफसरों ने बताया कि ट्रैविस, बर्नेट, केंडल, टॉम ग्रीन और विलियमसन काउंटियों में 19 मौतें हुईं।
चेतावनियों पर नहीं दिया गया ध्यान, जांच शुरू
बाढ़ में बड़ी संख्या में मौतों के बाद अफसरों ने जांच शुरू कर दी है कि क्या पर्याप्त चेतावनियां जारी की गई थीं और क्यों शिविरों को खाली नहीं किया गया? जांच यह भी हो रही है कि मौसम संबंधी अलर्ट कैसे भेजे गए? केरविले सिटी मैनेजर डाल्टन राइस ने कहा कि चुनौतियों में से एक यह है कि कई शिविर और केबिन ऐसे स्थानों पर हैं जहां सेलफोन सेवा खराब है। कुछ शिविरों को खतरों का एहसास था और वे मौसम पर नजर रख रहे थे। कम से कम एक शिविर में बाढ़ आने से पहले ही सैकड़ों शिविरार्थियों को ऊंचे स्थानों पर ले जाया गया। टेक्सास के रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज ने कहा कि संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी और राष्ट्रीय मौसम सेवा पर हाल ही में सरकारी खर्च में कटौती से किसी भी चेतावनी में देरी नहीं हुई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि उन्होंने गुरुवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी।