बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक के बाद एक सौगातों की बारिश हो रही है। बिहारवासियों के लिए एक गौरवपूर्ण और खुशखबरी वाली खबर सामने आई है।
By: Arvind Mishra
Jun 22, 202510 hours ago
पटना। स्टार समाचार बेव
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक के बाद एक सौगातों की बारिश हो रही है। बिहारवासियों के लिए एक गौरवपूर्ण और खुशखबरी वाली खबर सामने आई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम, जिसे मां जानकी की जन्मस्थली माना जाता है, उसको अब समग्र रूप से विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर एक विशाल और भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंदिर के साथ-साथ अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक संरचनाओं का भी विकास किया जाएगा, जिससे यह स्थल आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बन सके। दरअसल, पुनौराधाम, हिंदू मान्यताओं के अनुसार, माता सीता की जन्मस्थली है। अब इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यह घोषणा विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं के सम्मान को दिखाने वाली एक प्रमुख रणनीति के रूप में भी देखी जा रही है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए अब मंदिर का डिजाइन पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। इसका मॉड्यूल भी सार्वजनिक रूप से साझा किया गया है, जो देखने में अत्यंत भव्य और आकर्षक है। मंदिर का आर्किटेक्चर पारंपरिक शैली में होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इस परियोजना से न केवल धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक प्रगति का भी अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इस योजना की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है। उन्होंने लिखा-मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने के लिए भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है।
सीएम ने इसे लेकर ट्रस्ट के गठन की भी जानकारी दी है। उन्होंने आगे लिखा- इसके (मंदिर) लिए एक ट्रस्ट का भी गठन कर दिया गया है ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके। हम लोग पुनौराधाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए कृतसंकल्पित हैं। पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।
प्रस्तावित डिजाइन के अनुसार, भव्य मां जानकी मंदिर का निर्माण पारंपरिक भारतीय स्थापत्य कला पर आधारित होगा। मंदिर के साथ-साथ यात्रियों के लिए सुविधाजनक विश्राम स्थल, धर्मशाला, संग्रहालय, पार्किंग जोन, पूजा मंडप और सांस्कृतिक मंच की भी व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक की वास्तु योजना श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को केंद्र में रखकर तैयार की गई है।
पुनौराधाम और सीतामढ़ी जिले के स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर भारी उत्साह है। लोगों का कहना है कि वर्षों से इस मांग को लेकर आवाज उठ रही थी, अब जाकर उसे साकार रूप मिल रहा है। मंदिर निर्माण से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार, और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पुनौराधाम में मां जानकी का भव्य मंदिर न केवल बिहार की धार्मिक विरासत को नई ऊंचाई देगा, बल्कि यह पूरे देश और विश्व के रामायण-भक्तों के लिए एक आस्था का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।