छतरपुर, स्टार समाचार वेब
मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। छतरपुर जिले के धमोरा हल्का में पदस्थ पटवारी अनिल रूसिया को सागर लोकायुक्त की टीम ने 1 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।
20 जून को कराई थी शिकायत
फरियादी रामप्रसाद कुशवाहा ने 20 जून 2025 को सागर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी अनिल रूसिया उनसे जमीन के नामांतरण के लिए 4 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। बातचीत के बाद यह सौदा 3500 रुपये में तय हुआ था, जिसमें से 2500 रुपये की पहली किश्त फरियादी पहले ही दे चुका था।
लोकायुक्त ने ऐसे की कार्रवाई
शिकायत की जांच सही पाए जाने पर, लोकायुक्त टीम ने फरियादी रामप्रसाद कुशवाहा को बचे हुए 1 हजार रुपये लेकर पटवारी के पास भेजा। जैसे ही पटवारी अनिल रूसिया ने धमोरा गांव में रिश्वत के पैसे लिए, सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त डीएसपी संजय जैन और उनकी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।