ईरान-इजराइल युद्ध के 12वें दिन ईरान ने इजराइल और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। रिपोर्ट के अनुसार, गूगल, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी टेक कंपनियों के डेटा सेंटर भी ईरान के निशाने पर हैं।
By: Ajay Tiwari
Mar 11, 20262:55 PM
मिडिल ईस्ट। स्टार समाचार वेब
मिडिल ईस्ट में तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। ईरान और इजराइल के बीच जारी जंग के 12वें दिन ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल के खिलाफ अपना सबसे बड़ा सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। इस हमले की जद में न केवल इजराइल, बल्कि अमेरिका और दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियां भी आती दिख रही हैं।

ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान ने इजराइल के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। यह हमला अब तक का सबसे भीषण हमला बताया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध के और भयावह होने की आशंका बढ़ गई है।
इस युद्ध की सबसे चौंकाने वाली खबर ईरानी मीडिया की उस रिपोर्ट से आई है, जिसमें दावा किया गया है कि ईरान अब अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बना सकता है।
संभावित टारगेट लिस्ट
गूगल (Google)
अमेजन (Amazon)
माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft)
एनवीडिया (Nvidia)
IBM और ओरेकल (Oracle)
रिपोर्ट के मुताबिक, इन कंपनियों के इजराइल, दुबई और अबू धाबी में स्थित दफ्तरों और डेटा सेंटर्स पर हमला हो सकता है। अगर ऐसा होता है, तो वैश्विक टेक सप्लाई चेन और डेटा सिक्योरिटी पर गहरा संकट खड़ा हो सकता है।
बढ़ते तनाव को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) आज एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर वोटिंग करने वाली है। इस प्रस्ताव में ईरान से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वह पड़ोसी देशों—बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, UAE और जॉर्डन—पर अपने हमले तुरंत बंद करे।
दुनिया की निगाहें अब UNSC के फैसले और ईरान की अगली चाल पर टिकी हैं।