बहराइच में हृदयविदारक घटना सामने आई
बारिश के दौरान बिजली के पोल के संपर्क में आने से मौत 

बहराइच। स्टार समाचार वेब
जनपद के कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ मुहर्रम का जुलूस देखने निकले 17 वर्षीय किशोर मोहम्मद हमजा की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब हल्की बारिश के दौरान वह एक बिजली के पोल के संपर्क में आ गया।

बारिश और बिजली का पोल बना काल

मृतक के परिजनों ने बताया कि बहादुरगंज हटिया निवासी मोहम्मद हमजा शुक्रवार तड़के घर से मुहर्रम का जुलूस देखने के लिए निकला था। क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी। सेवई मंडी के पास से गुजरते समय, वह अनजाने में सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से सट गया। बारिश के कारण पोल में करंट उतरा हुआ था, जिससे उसे जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गई सांसें

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद हादसे पर कोतवाली थाना प्रभारी नितेंद्र शुक्ला ने बताया कि, "करंट लगने से किशोर की मृत्यु हुई है। प्रथम दृष्टया बारिश के कारण बिजली पोल में करंट आने की बात सामने आ रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

यह भी पढ़ें...

उज्जैन: बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से लटकी वैन में किया ब्लास्ट, 4 लोगों पर FIR दर्ज
रतलाम हादसा: मोहर्रम जुलूस में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, 3 की मौत, 15 घायल