बिजनेस डेस्क। स्टार समाचार वेब

आज 19 जून, 2026 को भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, बहुमूल्य धातुओं के दाम काफी नीचे आ गए हैं।

सोने-चांदी के नए दाम

आज की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है...

  • चांदी: एक किलो चांदी की कीमत 9,209 रुपए गिरकर 2.31 लाख रुपए पर आ गई है। इससे पहले इसका भाव 2.40 लाख रुपए प्रति किलो था।

  • सोना (24 कैरेट): 10 ग्राम सोने की कीमत 3,152 रुपए गिरकर 1.45 लाख रुपए हो गई है। कल इसका भाव 1.48 लाख रुपए था।

बता दे इस महीने के शुरुआती 19 दिनों में ही सोना 11 हजार रुपए और चांदी 32 हजार रुपए तक सस्ती हो चुकी है।

कीमतों में गिरावट के मुख्य कारण

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इन कारणों से सोने-चांदी की चमक फीकी पड़ी है...

  • भू-राजनीतिक शांति: अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम समझौते से पश्चिम एशिया में तनाव कम हुआ है, जिससे सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के रूप में सोने की मांग घटी है।

  • अमेरिकी फेडरल रिजर्व: फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेतों ने सोने जैसे बिना ब्याज वाली परिसंपत्तियों के आकर्षण को कम किया है।

  • डॉलर का मजबूती: वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

  • मुनाफावसूली: कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों द्वारा की गई भारी मुनाफावसूली (Profit Booking) ने गिरावट को और तेज कर दिया है।

  • ETF बिकवाली: गोल्ड और सिल्वर ETF से निवेशकों के निकलने के कारण घरेलू बाजार में भी भाव नीचे गिरे हैं।

ऑल-टाइम हाई से कितनी गिरी कीमतें?

इस साल सोने और चांदी में ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव देखे गए हैं। 29 जनवरी 2026 को सोना और चांदी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर (All-time high) पर थे।

  • सोना: 29 जनवरी को 1.76 लाख रुपए के स्तर से अब तक सोना 31,000 रुपए गिर चुका है।

  • चांदी: 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के पीक लेवल से चांदी अब तक करीब 1.55 लाख रुपए सस्ती हो गई है।