जारी शेड्यूल के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत मार्च के तीसरे सप्ताह में विज्ञापन जारी होने के साथ होगी। इसके बाद 20 मार्च को सुबह 10 बजे से आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
By: Arvind Mishra
Mar 19, 20262:40 PM
नई दिल्ली। स्टार समाचार वेब
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने देशभर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रस्तावित समय-सारणी जारी कर दी है। इसके तहत बाल वाटिका-1, 3 और कक्षा-1 में नामांकन के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन 20 मार्च 2026 से शुरू होगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2026 तय की गई है। जारी शेड्यूल के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत मार्च के तीसरे सप्ताह में विज्ञापन जारी होने के साथ होगी। इसके बाद 20 मार्च को सुबह 10 बजे से आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
अप्रैल में ही जारी होगी लिस्ट
पहली प्रोविजनल लिस्ट 8 अप्रैल 2026 को बाल वाटिका-1, 2 और 3 के लिए जारी की जाएगी, जबकि कक्षा-1 के लिए सूची 9 अप्रैल को प्रकाशित होगी। सीटें खाली रहने की स्थिति में दूसरी सूची 16 अप्रैल और तीसरी सूची 21 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी।
ये होगी प्रवेश प्रक्रिया
प्रोविजनल लिस्ट जारी होने के बाद चयनित छात्रों का प्रवेश चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसमें सबसे पहले आरटीई के तहत चयनित बच्चों, फिर सेवा प्राथमिकता श्रेणी (कैटेगरी-1 और 2) और उसके बाद आरक्षण कोटे के तहत प्रवेश दिया जाएगा।
आफलाइन रजिस्ट्रेशन भी होगा
यदि आनलाइन आवेदन पर्याप्त संख्या में नहीं मिलते हैं, तो आरटीई, अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी (एनसीएल) वर्ग के लिए आफलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 22 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक चलाई जाएगी। इसके बाद 27 से 30 अप्रैल के बीच एडमिशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अन्य कक्षाओं का शेड्यूल
बाल वाटिका-2 और कक्षा-2 समेत अन्य कक्षाओं में नामांकन (कक्षा-11 को छोड़कर) रिक्त सीटों के आधार पर आफलाइन मोड में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक किया जाएगा। इन कक्षाओं की सूची 13 अप्रैल को जारी होगी और 15 से 20 अप्रैल के बीच एडमिशन होंगे।
अंतिम तिथि और विशेष प्रावधान
कक्षा-11 को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं में नामांकन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तय की गई है। यदि सीटें खाली रहती हैं, तो 31 जुलाई 2026 तक विशेष अनुमति के आधार पर प्रवेश लिया जा सकेगा।
कक्षा-11 के लिए अलग प्रक्रिया
कक्षा-11 में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन, सीबीएसई 10वीं के परिणाम घोषित होने के 10 दिनों के भीतर शुरू होगा। केवी के छात्रों की सूची 20 दिनों के भीतर जारी होगी, जबकि अन्य छात्रों का प्रवेश सीट उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। केवीएस ने स्पष्ट किया है कि सभी सूचियां संबंधित विद्यालयों के नोटिस बोर्ड और आधिकारिक वेबसाइट के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी जारी की जाएंगी।