मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जहां आनन-फानन में उमा की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
By: Arvind Mishra
Feb 24, 20262:26 PM

उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता लोधी।
टीकमगढ़। स्टार समाचार वेब
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जहां आनन-फानन में उमा की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनाक्रम 22 फरवरी की रात की बताई जा रही है। हालांकि इसका खुलासा आज यानी मंगलवार को हुआ है। उमिता लोधी के मुताबिक उन्होंने 21 फरवरी को फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट पर 22 फरवरी की देर रात 10:30 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नामक आईडी से एक विवादित कमेंट आया। इसमें उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई थी।
दो युवकों ने उमिता का दी गालियां
सतर्कता दिखाते हुए उमिता लोधी ने तुरंत कमेंट का स्क्रीनशॉट ले लिया। इस धमकी के महज आधे घंटे बाद रात करीब 11 बजे दो अज्ञात नकाबपोश युवक उनके देहात थाना स्थित बंगले पर पहुंच गए। उमिता ने बताया कि जब उन्होंने छज्जे से नीचे देखा, तो युवकों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दोहराई। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 296 (बी), 351(3), और 3(5) के तहत एफआइआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंगले और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साइबर सेल की टीम उस इंटरनेट मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है, जिससे धमकी दी गई थी।
पूर्व विधायक ने की पुष्टि की घटना
पूर्व सीएम के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पूरी ताकत लगा रही है। इधर, पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।