अयोध्या। स्टार समाचार वेब
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और कथित जमीन घोटाले के मामले में जांच तेज हो गई है। हालिया घटनाक्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने FIR दर्ज कराई है, जबकि मामले से जुड़े कई बड़े दावे सामने आ रहे हैं।
ट्रस्ट ने दर्ज कराई FIR, टिन्नू यादव नामजद
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन ने SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को FIR दर्ज कराई है। इस मामले में 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है। खास बात यह है कि इस FIR में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम शामिल नहीं है, लेकिन उनके सहयोगी टिन्नू यादव (रामशंकर यादव) का नाम दर्ज किया गया है। जांच के दौरान SIT को दानपात्रों की चाबियां टिन्नू यादव के पास से ही मिली थीं। SIT ने 22 जनवरी 2024 के बाद से करीब 150 ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित किया है, जिनकी आर्थिक स्थिति में संदिग्ध बदलाव देखे गए हैं।
संजय सिंह ने SIT को सौंपे जमीन घोटाले के सबूत
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को SIT अध्यक्ष विजय विश्वास पंत से मुलाकात की। संजय सिंह ने दावा किया कि उन्होंने जमीन घोटाले से जुड़े 11 महत्वपूर्ण दस्तावेज SIT को सौंप दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि चढ़ावे की चोरी के साक्ष्य मिलने और पैसे की बरामदगी के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और रामलला के दर्शन की बात कही है।






















