मध्य प्रदेश सरकार 2028 में होने वाले उज्जैन सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारी में जुटी है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, शिप्रा नदी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएँ शामिल हैं।

"समय के अनंत प्रवाह में वर्ष 2025 मध्य प्रदेश के इतिहास में एक ऐसा अध्याय बनकर उभरा है, जहाँ विकास की ऊँची उड़ानों के साथ-साथ नियति के कुछ क्रूर प्रहारों ने भी अपनी छाप छोड़ी। यह वर्ष प्रदेश के लिए कहीं 'अमृत' सा मंगलकारी रहा, तो कहीं 'विष' के घूँट सा पीड़ादायक। जहाँ कूनो के जंगलों में नन्हे चीतों की किलकारियों ने पारिस्थितिक विजय का उद्घोष किया और शिप्रा के तट पर 2028 के सिंहस्थ की तैयारियों शुरू हुईं। वहीं कफ सिरप की एक कड़वी घूँट ने कई घरों के आंगन सूने कर दिए। एक ओर 'लाड़ली बहना' के सम्मान में बढ़ते कदम और 19 पावन तीर्थों को मद्य-मुक्त कर शुचिता का संकल्प लेते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्णय शासन की संकल्पशक्ति को दर्शाते रहे। यह लेखा-जोखा मात्र आंकड़ों का पुंज नहीं, बल्कि बदलते मध्य प्रदेश की वह तस्वीर है जिसमें आस्था का उल्लास, न्याय की कठोरता और मानवीय संवेदनाओं का क्रंदन... सब एक साथ समाहित हैं।"

साल 2025 में मध्य प्रदेश का कफ सिरप कांड एक बड़ी और दुखद घटना के कारण सुर्खियों में रहा, जिसमें कई बच्चों की मौत हो गई। जहरीला कफ सिरप पीने से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल और पांडुरना जिलों में 28 से अधिक बच्चों ने दम तोड़ दिया। ये मौतें किडनी फेल होने के कारण हुईं, क्योंकि सिरप में डाईथलीन ग्लाइकॉल नामक जहरीला औद्योगिक रसायन मिला हुआ था। जिस कफ सिरप को मौतों का कारण बताया गया, उसका नाम कोल्ड्रिफ था। इस घटना के बाद मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और कई अन्य राज्यों ने कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री और वितरण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया। वहीं तमिलनाडु स्थित दवा निमार्ता कंपनी के मालिक जी. रंगनाथन को मध्य प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस मामले में एक सरकारी डॉक्टर और दवा वितरकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मप्र के इंदौर शहर के लिए साल-2025 कानून व्यवस्था, पुलिसिंग, सामाजिक तानाबाना और सुरक्षा के लिहाज से उथल-पुथल भरा रहा। राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर देशभर में सुर्खियां बनी रहीं। इंदौर के सहकार नगर (केट रोड़) निवासी 30 वर्षीय राजा रघुवंशी की उसकी पत्नी सोनम ने ही हनीमून पर ले जाकर शिलांग में हत्या करवा दी। सोनम ने प्रेमी राज कुशवाह और उसके दोस्त विशाल,आकाश,आनंद के साथ मिलकर साजिश की और हत्या कर शव खाई में फेंक दिया। मई माह में हुई इस घटना ने पूरे देश का ध्यान खींच लिया। जिस युवती के हाथों में रची महंदी का रंग अभी फिका भी नहीं पड़ा था वो पति को कैसे मार सकती है। सोनम शेष आरोपियों के साथ शिलांग की जेल में बंद है। कुछ साल पहले नोटों पर सोनम बेवफा है, एक मीम मशहूर हुआ था, वह इस बार फिर से ट्रेंड में आ गया।

मध्य प्रदेश में दीपावली पर पटाखों के विकल्प के रूप में बाजार में आई कार्बाइड पाइप गन बेहद घातक साबित हुई है। इससे कई बच्चों की आंखों की रोशनी तक चली गई। कई आज भी अस्पतालों में दवा करा रहे हैं। दुष्प्रभाव सामने आने के बाद राज्य सरकार ने आनन-फानन में कार्बाइड गन को बैन भी कर दिया। यहां तक कि गन की जब्ती के लिए विधिवत अभियान भी चलाया गया। इस गन से सबसे अधिक क्षति आंखों को हुई। आम बोलचाल में लोग इसे कार्बाइड बम या क्रैकर भी कहते हैं। यह देसी गन प्लास्टिक पाइप, गैस लाइटर, और कैल्शियम कार्बाइड से मिलकर बनाई जाती है।

मध्य प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल, 2025 से 19 धार्मिक नगरों और ग्राम पंचायतों में शराबबंदी लागू की है, जिसमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मैहर और ओरछा जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं, ताकि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनी रहे और नशामुक्ति को बढ़ावा मिले। इस ऐतिहासिक फैसले के तहत इन क्षेत्रों में शराब की दुकानें और बार बंद कर दिए गए हैं, और राजस्व की भरपाई के लिए राज्य में शराब महंगी की गई है। यह फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार द्वारा लिया गया है। इसे नशामुक्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया गया।

भाजपा विधायक संजय पाठक 2025 में अवैध खनन और वसूली का आरोप झेल रहे हैं। अदालत में हस्तक्षेप के प्रयास और जज से संपर्क के आरोप उन पर लगे। जिसके बाद हाईकोर्ट के जज ने आदेश सुनाते हुए उनके मामले में सुनवाई करने से खुद को अलग कर लिया। मध्य प्रदेश सरकार ने उनकी कंपनियों पर लगभग 443 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है और उनसे वसूली के आदेश जारी किए हैं। अगस्त 2025 में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संजय पाठक की कंपनियों से 443 करोड़ की वसूली की जा रही है। जबलपुर कलेक्टर ने राशि जमा करने के लिए 15 दिन का नोटिस भी जारी किया है। वहीं आदिवासियों की जमीनों से जुड़े कई मामले में वे आरोपी हैं। बैगा जाति के आदिवासियों की जमीनें उनके नाम पर बदली गईं। जिनका खरीद-बेच विवाद जारी है।

लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है जिसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को हर माह 1500 रुपए मिलते हैं। यह योजना महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने 1.26 करोड़ महिलाओं के खाते में योजना की 31वीं किस्त सीधे उनके खाते में डाली है। लाडली बहना की लाभार्थियों को पहले 1250 रुपए हर महीने मिलते थे। लेकिन पिछले महीने से ही इस राशि को बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया है। किस्त की राशि मिलने से लाड़ली बहनों के चेहरे पर मुस्कान है। मुख्यमंत्री ऐलान कर चुके हैं कि चरणबद्ध तरीके से इस राशि में बढ़ोतरी होगी और 2028 तक महिलाओं को 3000 रुपये मिलना शुरू हो जाएगा।

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट चीता की चल रहा है, जो विश्व का पहला बड़े मांसाहारी पशु का अंतर-महाद्वीपीय स्थानांतरण था। नवंबर 2025 तक आते-आते: भारतीय भूमि पर पैदा हुई पहली चीता मुखी, खुद पांच स्वस्थ बच्चों की मां बन गई है। मध्यप्रदेश में शुरू हुआ प्रोजेक्ट चीता अब 32 चीतों के परिवार के साथ बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहा है। तीन वर्ष पूर्व 17 सितंबर, 2022 को मध्यप्रदेश को चीता परियोजना की सौगात मिली थी। नामीबिया से 8 चीतों को कूनो राष्ट्रीय उद्यान लाया गया था। वर्तमान में कूनो पालपुर और गांधी सागर अभयारण्य में चीतों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।

साल 2025 में मप्र की राजधानी भोपाल में मछली शब्द सुर्खियों में रहा। दरअसल, अगस्त 2025 में, भोपाल पुलिस और प्रशासन ने ड्रग तस्करी, अवैध हथियार रखने, लव जिहाद, बलात्कार और सरकारी जमीन पर कब्जे जैसे गंभीर आरोपों में शामिल एक प्रभावशाली परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस परिवार को मछली परिवार या मछली गैंग के नाम से जाना जाता था, क्योंकि वे मूल रूप से मछली पालन के व्यवसाय से जुड़े थे। प्रशासन ने परिवार के सदस्यों, विशेष रूप से मुख्य आरोपी शारिक मछली और उसके भतीजे यासीन और शाहवर की करोड़ों रुपए की अवैध संपत्तियों, फार्महाउसों और एक 22 करोड़ की आलीशान कोठी पर बुलडोजर चलाया। यासीन और शाहवर मछली को जुलाई 2025 में ड्रग्स और एक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके फोन से आपत्तिजनक वीडियो और चैट्स भी बरामद किए, जिससे कई लड़कियों के शोषण का खुलासा हुआ। जांच में कुछ राजनेताओं, अधिकारियों के नाम भी सामने आए, जिनके इस परिवार से संबंध थे।

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में सनसनीखेज हवाला-डकैती कांड सामने आया। घटना 8-9 अक्टूबर की रात की है। इस लूट कांड में महिला एसडीओपी समेत 11 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने कटनी और सतना से नागपुर व जालना ले जाए जा रहे 2 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए की भारी हवाला राशि को लूट लिया था। इस घटना ने पूरे प्रदेश में पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी थी।

इंदौर की शूटिंग एकेडमी में हिंदू युवतियों के साथ हुई यौन शोषण की घटना ने भी चौका दिया। एकेडमी के संचालक मोहसिन खान पर सौ से ज्यादा लड़कियों का शौषण करने का आरोप लगा। रिटायर सैन्यकर्मी का बेटा मोहसिन अन्नपूर्णा थाना अंतर्गत एकेडमी संचालित करता था। उसने कई युवतियों से रुपए लिए और उन्हें मांस तक खिलाया। हिंदू संगठन की पहल पर केस की परतें खुली तो पता चला उसके साथ फैजान और इमरान भी गिरोह में शामिल थे। मामले का खुलासा होने के बाद सरकार ने तत्परता दिखाई और आज सभी आरोपी सलाखों के पीछे काल कोठरी में सजा भुगत रहे हैं।

साल-2025 में प्रदेश के दो बड़े महानगरों इंदौर और भोपाल में मेट्रो चल पड़ी। मई के अंत में इंदौर वासियों ने 14 साल पहले प्रदेश की पहली मेट्रो इंदौर में शुरू होने का जो सपना देखा था वो पूरा हो गया। देवी अहिल्या की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से इंदौर मेट्रो के कमर्शियल रन को वर्चुअल तरीके से बटन दबाकर किया। दिसंबर के अंत में भोपाल में मेट्रो ट्रेन का कमर्शियल रन शुरू होने के साथ ही शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल मेट्रोपालिटन एरिया का नक्शा जारी करने के बाद रिमोट का बटन दबाकर 7.5 किमी लंबी मेट्रो लाइन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही भोपाल इंदौर के बाद प्रदेश का दूसरा और देश का मेट्रो सुविधा वाला 26वां शहर बन गया।

मध्य प्रदेश सरकार 2028 में होने वाले उज्जैन सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारी में जुटी है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, शिप्रा नदी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएँ शामिल हैं। सिंहस्थ मेले को भव्य बनाने के लिए सड़कों को चौड़ा करने, ई-वाहन चलाने और आपदा प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित कर रही है। दावा किया जा रहा है कि सिंहस्थ कुंभ के दौरान 15 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। उसी हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं। सिंहस्थ में त्रिवेणी शनि मंदिर 140 करोड़,शक्तिपीठ हरसिद्धि 22 करोड़, चिंतामन गणेश 75 करोड़, भूखी माता मंदिर 3 करोड़, गढ़कालिका मंदिर 7 करोड़ नारायणा धाम 120 करोड़ और सांदीपनि आश्रम 81 करोड़ पर खर्च कर विकास की योजनाएं बनाई गई हैं।
ग्वालियर-चंबल अंचल की राजनीति में अपनी गहरी पैठ रखने वाले रामनिवास रावत ने हाल ही में कांग्रेस का दशकों पुराना साथ छोड़ भाजपा का दामन थामकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी थी।
साप्ताहिक कॉलम
केंद्र सरकार 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के लिए नई जनगणना और परिसीमन की अनिवार्य शर्तों को हटाने की तैयारी कर रही है।
मध्य प्रदेश की स्थापना के 70 वर्षों का यह विस्तृत कालखंड अनेक नेतृत्वों की विकासगाथाओं से आलोकित रहा है। इन दशकों में विभिन्न मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने दृष्टिकोण से प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया।
मध्यप्रदेश नेतृत्व चाहता है कि राज्य की सीटों पर स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता मिले। इससे कई पुराने और समर्पित कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए हैं।
हर रविवार साप्ताहिक कॉलम
हाल ही की एक समीक्षा बैठक में प्रदेश के मुखिया ने मैदानी अफसरों पर जिस अंदाज में तंज कसा, उसके बाद कई अफसरों की सीटी-पुट्टी गुम बताई जा रही है।

जबलपुर हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 100% वेतन और एरियर्स

खरमास 2025-2026: कब से कब तक रहेगा, जानें शुभ कार्यों की मनाही का कारण

ऑपरेशन सिंदूर...मुझे एक तस्वीर दिखा दो...जिसमें भारत का एक गिलास भी नहीं टूटा हो

लागू होंगे नए अवकाश नियम: CCL में वेतन कटौती, EL को 'अधिकार' नहीं मानेगा MP वित्त विभाग

आहत जनता को राहत...निचले स्तर पर आई थोक महंगाई

जैतवारा से लेकर बारामाफी तक आक्रोश

सुरक्षित और नेचुरल तरीके से बाल करना है काले तो अपनाएं ये उपाय

बची हुई चाय को दोबारा गर्म करके पीने क्या होगा, जानें इसके बारे में?

अगर 40 की उम्र कर ली है पार और रहना चाहते हैं तंदरुस्त तो अपनाएं ये आदतें

ठंडा पानी पीने और मीठा खाने पर दांतों में होती है झनझनाहट तो हो जाएं सावधान, नहीं तो हो सकती है बड़ी समस्या

ठंड में बढ़ जाती है डिहाइड्रेशन की समस्या, जानें क्या है कारण ?

तनाव से चाहिए है छुटकारा तो इन चीजों से करें तौबा, अपनाएं ये सलाह