मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने के अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद अब दिसंबर 2026 में होने वाले प्रस्तावित दो दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।ऐसे में यह चिंतन शिविर यह परखने का बड़ा मौका होगा कि समीक्षा की यह कवायद ठोस फैसले में बदलती है या केवल औपचारिकता तक सीमित रहती है। ‘स्टार समाचार’ की विशेष रिपोर्ट...।

जनता का सवाल-सरकार से नकारा की होगी छुट्टी या महज औपचारिकता
सियासत: उमा-बाबूलाल गौर से शिवराज और अब मोहन राज की कसौटी
इतिहास: 2003 से अब तक परफॉर्मेंस पर नहीं गई किसी भी मंत्री की कुर्सी
21 और 22 दिसंबर को दो दिवसीय चिंतन शिविर पर टिकीं सब की नजरें
अरविंद मिश्र। भोपाल
मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने के अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद अब दिसंबर 2026 में होने वाले प्रस्तावित दो दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और 2023 के चुनावी प्रदर्शन को दोहराने की रणनीति के तहत इस मंथन में मंत्रियों से तीन साल का रिपोर्ट कार्ड, विभागीय चुनौतियां, अधूरे वादों की स्थिति और अगले दो वर्षों का रोडमैप तलब किया जाएगा। वहीं, विधायकों को भी अपने क्षेत्र के कामकाज का ब्योरा देना होगा। दरअसल, मध्यप्रदेश की राजनीति में रिपोर्ट कार्ड की परंपरा शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में शुरू हुई थी, जबकि उमा भारती और बाबूलाल गौर के दौर में ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं रही। हालांकि, 2003 से अब तक केवल खराब रिपोर्ट कार्ड के आधार पर किसी मंत्री को सीधे बर्खास्त करने के उदाहरण न के बराबर हैं। अतीत में फैसले आयु सीमा, समीकरणों या विवादों से जुड़े रहे, जबकि हालिया दौर में विभागों में कटौती तक ही कार्रवाई सीमित दिखी है। ऐसे में यह चिंतन शिविर यह परखने का बड़ा मौका होगा कि समीक्षा की यह कवायद ठोस फैसले में बदलती है या केवल औपचारिकता तक सीमित रहती है। ‘स्टार समाचार’ की विशेष रिपोर्ट...।
सियासी गलियारों में हलचल
आगामी 21 और 22 दिसंबर को दो दिवसीय चिंतन शिविर प्रस्तावित किया गया है। इस शिविर को लेकर प्रदेश के सियासी गलियारों में खासी हलचल है, क्योंकि इसमें न केवल तीन वर्षों के कामकाज की समीक्षा होगी, बल्कि दिसंबर के अंत तक कैबिनेट में संभावित फेरबदल या विभागों में बदलाव की भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। चिंतन शिविर के आयोजन स्थल को लेकर अमरकंटक, पचमढ़ी, ओरछा और चित्रकूट जैसे नामों की चर्चाओं के बीच यह मंथन मध्य प्रदेश की राजनीति में आगामी दो वर्षों की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव साबित होगा।
चुनावी संकल्प पर फोकस
चिंतन शिविर के दौरान मंत्रियों को अपने-अपने विभागों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश करना होगा। तय प्रारूप के अनुसार, मंत्रियों से 60 बिंदुओं पर आधारित रिपोर्ट कार्ड मांगा गया है, जिसमें पिछले तीन वर्षों की पांच बड़ी उपलब्धियों, विभागीय चुनौतियों और अगले दो वर्षों की कार्ययोजना को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके साथ ही चुनावी संकल्प पत्र के उन वादों पर भी विशेष मंथन होगा, जिन्हें अभी धरातल पर पूरी तरह उतारा जाना बाकी है।
मई 2026 में की गई थी समीक्षा
यह प्रक्रिया मंत्रियों के लिए तीन वर्षों में दूसरी बार रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने का अवसर होगी। इससे पहले सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने पर मई-2026 में भी इस तरह की समीक्षा की जा चुकी है। दूसरी ओर, सत्ताधारी दल के विधायकों के लिए यह पहली बड़ी परीक्षा मानी जा रही है, जिन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए गए कार्यों और नवाचारों का ठोस ब्योरा देना होगा।
शीर्ष नेतृत्व के सामने अग्निपरीक्षा
रिपोर्ट कार्ड की प्रस्तुति और समीक्षा का दायरा काफी गंभीर, व्यवस्थित और जवाबदेही वाला रहेगा। मंथन के दौरान मंत्रियों और विधायकों को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के समक्ष अपना पक्ष रखना होगा। जरूरत पड़ने पर संगठन के शीर्ष स्तर से अन्य वरिष्ठ नेता भी इस प्रक्रिया से जुड़ सकते हैं।
हर सवाल का देना होगा जवाब
हर मंत्री से अलग-अलग संवाद और सवाल पूछे जाएंगे। जिसके लिए एक से डेढ़ घंटे तक का समय तय है। इस दौरान मंत्रियों को केवल आंकड़ों या उपलब्धियों के सहारे बच निकलने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि विभाग की कमजोरियों, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं और उनके पीछे के कारणों का स्पष्ट जवाब देना होगा। जिन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ क्षेत्रीय शिकायतें या प्रतिकूल फीडबैक सामने आए हैं, उनसे भी इस मंच पर जवाब-तलब किया जाएगा।
सत्ता-संगठन का गोपनीय आकलन
इस पूरी कवायद को एकतरफा नहीं, बल्कि द्विपक्षीय आकलन के रूप में देखा जा रहा है। सत्ता-संगठन अपने-अपने स्तर पर मंत्रियों और विधायकों का गोपनीय मूल्यांकन तैयार कराया है। मंत्रियों का आकलन सरकारी स्तर पर तैयार होकर संगठन के फीडबैक से जुड़ा है, जबकि विधायकों के रिपोर्ट कार्ड की जिम्मेदारी संगठन के पास है। मंथन के दौरान शीर्ष नेतृत्व के पास मौजूद यह गोपनीय रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों द्वारा पेश किए गए विवरण से मिलाई जाएगी।
राज्य मंत्रियों का होगा प्रमोशन
तमाम समीक्षाओं के बीच दिसंबर के अंत तक मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि सत्ता-संगठन की कसौटियों पर खरे न उतरने वाले कुछ कैबिनेट या राज्य मंत्रियों की छुट्टी भी तय है। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यमंत्रियों को पदोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा।
उमा भारती का संक्षिप्त कार्यकाल
2003 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उमा भारती के नेतृत्व में 166 सीटें जीतकर ऐतिहासिक विजय दर्ज की थी। 8 दिसंबर 2003 को वे मध्य प्रदेश की 22वीं मुख्यमंत्री बनीं। हालांकि, उनका कार्यकाल बेहद संक्षिप्त रहा। महज नौ महीने बाद 22 अगस्त 2004 को उन्हें पद से त्यागपत्र देना पड़ा। राजनीतिक अस्थिरता और कम अवधि के कारण उनके शासनकाल में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा या औपचारिक रिपोर्ट कार्ड पेश किए जाने जैसी कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
गौर के समय भी नहीं थी परिपाटी
23 अगस्त 2004 को बाबूलाल गौर ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली। वे 29 नवंबर 2005 तक लगभग 15 महीने इस पद पर आसीन रहे। बाद में शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री बनने तक सरकार का नेतृत्व किया। गौर के इस पूरे कार्यकाल के दौरान मंत्रियों के कामकाज का लेखा-जोखा लेने या रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने की कोई परिपाटी नहीं रही। उनके शासनकाल में एक भी बार मंत्रियों से रिपोर्ट कार्ड नहीं मंगवाया गया, जिसके चलते समीक्षा की यह व्यवस्था उस दौर में शून्य बनी रही।
शिवराज दौर में रिपोर्ट कार्ड की परंपरा
मध्यप्रदेश की राजनीति में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करने और रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की परंपरा शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्रित्व काल में प्रारंभ हुई। नवंबर 2005 में सत्ता संभालने के बाद उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से विभागों के प्रदर्शन का आकलन शुरू कराया। इस नई कार्यशैली के तहत मंत्रियों को अपनी उपलब्धियों और योजनाओं का ब्योरा सार्वजनिक व संगठनात्मक मंच पर रखना अनिवार्य किया गया। खास बात यह रही कि स्वयं शिवराज सिंह चौहान ने भी एक मंत्री के रूप में अपने विभाग का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया।
शाह ने पेश किया था 20 साल का रिपोर्ट कार्ड
20 अगस्त 2023 को भोपाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा शासन के 20 साल (2003-2023) का रिपोर्ट कार्ड जारी किया और प्रदेश को बीमारू राज्य से विकास की राह पर लाने का दावा किया। उन्होंने कहा-उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में इन दो दशकों में गरीबी से मुक्ति और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की मजबूत नींव रखी गई है। साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों से पुराने शासनकाल और 15 महीने की सरकार का हिसाब मांगा।
2016 में दो मंत्रियों पर गिरी थी गाज
मध्यप्रदेश की राजनीति में 2003 से नवंबर 2026 तक केवल रिपोर्ट कार्ड या खराब प्रदर्शन के आधार पर किसी भी मंत्री को सीधे बर्खास्त नहीं किया गया है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार, आयु सीमा, विवादों और कार्यक्षमता की आंतरिक समीक्षा के चलते कई मंत्रियों की कैबिनेट से विदाई जरूर हुई है। जून 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के तीसरे कार्यकाल के दौरान मंत्रिमंडल के दो सबसे वरिष्ठ मंत्रियों तत्कालीन गृह मंत्री स्व. बाबूलाल गौर और लोक निर्माण मंत्री स्व. सरताज सिंह से इस्तीफा लिया गया था। भले ही इसके पीछे 75 वर्ष से अधिक आयु के फॉर्मूले का हवाला दिया गया हो, लेकिन सियासी गलियारों में विभागों के कामकाज के मूल्यांकन को भी इस कदम की एक प्रमुख वजह माना गया था।
विवादों के चलते हुई मंत्रियों की विदाई
दिसंबर 2013 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद जब शिवराज ने अपने तीसरे कार्यकाल का नया मंत्रिमंडल गठित किया, तो पिछली सरकार (2008-2013) में मंत्री रहीं दो प्रमुख महिला चेहरों अर्चना चिटनिस और रंजना बघेल को कामकाज की समीक्षा और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर कैबिनेट से बाहर रखा गया। 2003 से 2023 के बीच कई अन्य मंत्रियों को भी पद छोड़ना पड़ा, लेकिन वे मामले रिपोर्ट कार्ड के बजाय विवादों और नियमों से जुड़े थे। इनमें राघवजी, अनूप मिश्रा, कमल पटेल और विवाद के बाद अप्रैल 2013 में इस्तीफा देने वाले विजय शाह (जिनकी बाद में वापसी हुई) शामिल हैं। वहीं, 2020 में तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को संवैधानिक बाध्यता के कारण पद त्यागना पड़ा था। हालांकि नवंबर 2020 के उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जनवरी 2021 में दोनों को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
मोहन सरकार में रिपोर्ट कार्ड पर बदले विभाग
वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में मंत्रियों के कामकाज की नियमित समीक्षा यानी रिपोर्ट कार्ड की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया गया है। इसके आधार पर अब तक किसी मंत्री को कैबिनेट से बाहर तो नहीं किया गया, लेकिन प्रदर्शन के आकलन के बाद उनके अहम विभाग जरूर वापस लिए गए हैं। जुलाई 2026 में मंत्रियों के व्यक्तिगत रिव्यू और गौशाला योजनाओं की समीक्षा के बाद राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग वापस ले लिया गया और उन्हें कैबिनेट में बनाए रखते हुए केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। इससे पहले जुलाई 2024 के फेरबदल में भी कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान से वन एवं पर्यावरण विभाग वापस लेकर उन्हें केवल अनुसूचित जाति कल्याण विभाग तक सीमित कर दिया गया था।
रिपोर्ट कार्ड के आधार पर न के बराबर कार्रवाई
मध्यप्रदेश की सियासत में वर्ष 2003 से लेकर अब तक मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की कवायद तो कई बार हुई, लेकिन इसके आधार पर सीधी और बड़ी कार्रवाई न के बराबर ही देखने को मिली है। आंकड़ों पर नजर डालें तो खराब प्रदर्शन या रिपोर्ट कार्ड के आधार पर आज तक किसी भी मंत्री को सीधे कैबिनेट से बर्खास्त नहीं किया गया है। जब भी मंत्रियों की विदाई हुई, उसके पीछे आधिकारिक रूप से आयु सीमा का फॉर्मूला, क्षेत्रीय समीकरण, भ्रष्टाचार के आरोप या फिर राजनीतिक विवादों का हवाला दिया गया। हालिया दौर में भी कार्रवाई केवल कुछ मंत्रियों के विभाग बदलने या सीमित करने तक ही सिमटी रही है।
सिर्फ दिखावे तक सीमित रिपोर्ट कार्ड
सियासी गलियारों में मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड की पूरी कवायद अक्सर महज एक औपचारिकता और दिखावे तक सीमित नजर आती है। हर बार चिंतन शिविर या समीक्षा बैठकों से पहले मंत्रियों की धड़कनें बढ़ने और कैबिनेट फेरबदल का माहौल बनाया जाता है, लेकिन नतीजे के तौर पर कोई ठोस सर्जरी देखने को नहीं मिलती। गोपनीय आकलन और सवाल-जवाब के बावजूद कमजोर प्रदर्शन करने वाले कई मंत्री राजनीतिक समीकरणों के चलते अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहते हैं।
मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड का मापदंड
मंत्रियों के कामकाज को परखने के लिए सत्ता और संगठन द्वारा 60 बिंदुओं का एक विस्तृत प्रारूप तय किया गया है। इस रिपोर्ट कार्ड में मुख्य रूप से पिछले तीन वर्षों की पांच बड़ी उपलब्धियों, विभागीय चुनौतियों, योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन और आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना को प्रमुख मापदंड बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, चुनावी संकल्प पत्र के अधूरे वादों की स्थिति, क्षेत्रीय फीडबैक और जनता से मिलने वाली शिकायतों को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाता है। सरकार अपने स्तर पर विभागीय आंकड़ों की समीक्षा करती है, जबकि संगठन गोपनीय फीडबैक के जरिए मंत्रियों की वास्तविक कार्यक्षमता और लोकप्रियता का आकलन करता है।
सिर्फ परंपरा और कागजों तक सीमित न रहे
सरकार द्वारा मंत्रियों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेने की प्रक्रिया व्यवस्था निरंतर चलने वाली परंपरा है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब यह परिणाममुखी हो। परंपरा का अर्थ निरंतरता है, पर यदि यह न रहे तो परंपरा टूट जाती है। जिस प्रकार कानून समाधान के लिए बनता है और उसका प्रभाव उसके क्रियान्वयन पर निर्भर करता है, वैसे ही परंपराएं भी तभी सार्थक हैं जब वे ठोस नतीजे दें। यदि रिपोर्ट कार्ड केवल रूटीन का हिस्सा बनकर रह जाए, तो स्थिति ‘चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात’ जैसी हो जाती है। व्यवस्था या नेतृत्व में नया मुख्यमंत्री या प्रदेश अध्यक्ष आने पर ऐसे प्रयास फिर शुरू होते हैं, लेकिन कई बार वे केवल कागजों तक सीमित रह जाते हैं और एक दिन की ब्रेकिंग न्यूज बनकर सिमट जाते हैं।
-राजीव खंडेलवाल, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक, बैतूल
कालांतर में दिखता है रिपोर्ट कार्ड का असर
मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड का असर कालांतर में दिखता है। हाल ही में दो-तीन मंत्रियों के विभाग बदले गए। लखन पटेल को आनंद मंत्रालय और नागर सिंह चौहान को अपेक्षाकृत छोटा विभाग मिला, जबकि सबसे वरिष्ठ होने के बावजूद विजय शाह को कम महत्वपूर्ण विभाग दिया गया। यह सब प्रदर्शन और आचरण के आकलन पर आधारित है, जिस पर भाजपा संगठन की पैनी नजर रहती है। नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के पीछे ड्राइवर के यहां 5-6 करोड़ रुपए मिलने जैसे मामलों और संगठन के समानांतर काम करने की बातें संज्ञान में आना मुख्य रहा। वहीं, पिछली बार बेटे से जुड़े कारणों से जयंत मलैया का टिकट कटा था। कुल मिलाकर, रिपोर्ट कार्ड का प्रभाव अवश्य पड़ता है और यह संगठन में विमर्श का विषय बनता है।
-जयराम शुक्ल, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक, विंध्य
रिपोर्ट कार्ड लेने की कवायद केवल एक नाटक
सरकार को मंत्रियों के काम की रिपोर्ट तो रोज मिलती है, इसलिए रिपोर्ट कार्ड लेने की यह कवायद केवल एक नाटक है। हर विभाग की दैनिक रिपोर्ट सरकार के पास पहले से रहती है। कामकाज की पूरी जानकारी होती है। ऐसे में रिपोर्ट कार्ड लेने का यह स्वांग पता नहीं क्यों किया जाता है। यह परंपरा हर सरकार निभाती आई है, केवल मौजूदा सरकार की बात नहीं है। हकीकत यह है कि इन रिपोर्टों का कोई वास्तविक अर्थ नहीं होता। न तो इनके आधार पर मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा होता है और न ही किसी को पद से हटाया जाता है। मंत्रियों का बनना और हटना जातिगत संतुलन, क्षेत्रीय संतुलन, राजनीतिक ताकत और वरिष्ठता के आधार पर तय होता है। जब फैसले इन मानकों से होते हैं, तो रिपोर्ट कार्ड का क्या औचित्य है। इसका कोई मतलब नहीं है। यह केवल अखबारों में छपने और टीवी पर चलने भर की कवायद है, इससे आगे इसका कोई महत्व नहीं।
-देवश्री माली, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक, ग्वालियर
रिपोर्ट कार्ड की वैधानिकता को लेकर भी संदेह
देखिए, वर्तमान दौर में मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड लेने की प्रक्रिया एक औपचारिकता मात्र है। इसके पीछे खास मंशा यह रहती है कि जब कभी मंत्रिमंडल में बदलाव करना हो या किसी को पद से हटाना हो, तो इसी रिपोर्ट कार्ड की आड़ ली जा सके। ऐसे में यदि किसी को बाहर करना होता है, तो यह कहकर हटा दिया जाता है कि आपका रिपोर्ट कार्ड खराब है। यह रिपोर्ट कार्ड कैसा बनेगा, यह भी तय करने वाला कोई और नहीं, बल्कि आजकल मुखिया ही होता है। इसके अलावा, रिपोर्ट कार्ड की वैधानिकता को लेकर भी कई तरह के संदेह बने हुए हैं। कुल मिलाकर, यह व्यवस्था कुछ लोगों की कोशिशों और परिस्थितियों के अनुसार ही चलती है, इसके पीछे कोई ठोस या वास्तविक आधार नहीं दिखता।
-विनोद तिवारी, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक, भोपाल
अधिकारियों के काम की होनी चाहिए समीक्षा
वर्तमान सरकारी कार्यप्रणाली में मंत्रियों के पास स्वतंत्र रूप से कार्य करने के अधिकार सीमित हैं। प्रभारी या विभागीय मंत्रियों के हर कार्य की स्वीकृति मुख्यमंत्री या सीएमओ से होती है, जिससे मंत्रियों की भूमिका केवल क्षेत्र भ्रमण और उद्घाटन तक सिमट गई है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को ही देखिए उनके पास नगरीय प्रशासन एवं आवास जैसा महत्वपूर्ण विभाग होने के बावजूद काम करने की पूरी छूट नहीं है, जो कमोबेश सभी मंत्रियों की स्थिति है। ऐसी स्थिति में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करना अनुचित है, क्योंकि वास्तव में यह अधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन है, जो सीधे मुख्यमंत्री के निर्देश पर काम कर रहे हैं। मंत्री दबी जुबान में स्वीकार करते हैं कि उनके पास एक चपरासी का तबादला करने तक का अधिकार नहीं है। अफसरशाही हावी होने के कारण अधिकारी उनके फोन तक नहीं उठाते। मंत्रियों की समीक्षा केवल उन्हें पद से हटाने का एक आधार तैयार करने की कवायद है, जबकि वास्तविक समीक्षा अधिकारियों के कामकाज की होनी चाहिए।
प्रवीण खारीवाल, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक, इंदौर

मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने के अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद अब दिसंबर 2026 में होने वाले प्रस्तावित दो दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।ऐसे में यह चिंतन शिविर यह परखने का बड़ा मौका होगा कि समीक्षा की यह कवायद ठोस फैसले में बदलती है या केवल औपचारिकता तक सीमित रहती है। ‘स्टार समाचार’ की विशेष रिपोर्ट...।
'महारानी' के काला नाग और 'कछुआ चाचा' जैसे किरदारों से मशहूर अभिनेता विनीत कुमार से खास बातचीत। जानें जेपी आंदोलन, एनएसडी के दिनों, बिना स्क्रीन टेस्ट 38 साल के फिल्मी सफर, ओटीटी और भोपाल को लेकर उनके बेबाक विचार।
देश और एशिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना, 1,920 मेगावाट क्षमता से पीक डिमांड के समय मिलेगी बिजली कम मांग और सस्ती बिजली के समय पानी ऊंचाई तक पहुंचाया जाएगा, पीक डिमांड में उसी पानी से बिजली बनाकर ऊंची दर पर बेचने का गणित।
लोकसभा परिसीमन को लेकर पहले जनसंख्या के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण की चर्चा थी। आशंका थी कि इससे उत्तर भारत के अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ सकती हैं और जनसंख्या वृद्धि नियंत्रित करने वाले दक्षिणी राज्यों की संसद में राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।
बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के, केवल अपनी मेहनत और स्वप्रेरणा से अभिनय की बारीकियों को आत्मसात करने वाले अभिनेता प्रमोद पाठक ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘मिर्जापुर’, ‘तलवार’ और वेब सीरीज ‘महारानी’ के ‘मिश्रा जी’ जैसे किरदारों से गहरी छाप छोड़ी है।
मध्यप्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव यानी मिशन-2028 की बिसात बिछने के साथ ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के भीतर घर वापसी को लेकर घमासान छिड़ गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पुराने नेताओं को दोबारा पार्टी में लाने और विशेष घर वापसी अभियान चलाने के ऐलान ने संगठन के भीतर दो फाड़ कर दिए हैं।
कुणाल चौधरी अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी हैं। स्टार समाचार से विशेष बातचीत में चौधरी ने राजनीति, अपने काम के तरीके और लक्ष्य पर खुलकर बेबाक राय रखी।
एक तरफ भाजपा 15 नवंबर को आदिवासी समाज के महानायक बिरसा मुंडा की जयंती के सहारे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का कार्ड खेल रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस 9 अगस्त के विश्व आदिवासी दिवस के जरिए अपने सियासी वजूद को मजबूत करने की जुगत में है। ‘स्टार समाचार’ की विशेष रिपोर्ट...।
बीमा पॉलिसी बेचने के लिए कंपनियां एजेंटों, बैंकों, ब्रोकरों और दूसरे डिस्ट्रीब्यूशन चैनलों को कमीशन देती हैं। इस व्यवस्था में कमीशन कितना हो, किस उत्पाद पर कितना भुगतान उचित है और क्या ज्यादा कमीशन पाने की होड़ में ग्राहक को उसकी जरूरत से अलग पॉलिसी बेची जा सकती है—इन सवालों पर भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) ने नए सिरे से विचार शुरू किया है।
स्टार समाचार से खास मुलाकात.. हर सवाल का सीधा जवाब

जबलपुर हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 100% वेतन और एरियर्स

जैतवारा से लेकर बारामाफी तक आक्रोश

खरमास 2025-2026: कब से कब तक रहेगा, जानें शुभ कार्यों की मनाही का कारण

ऑपरेशन सिंदूर...मुझे एक तस्वीर दिखा दो...जिसमें भारत का एक गिलास भी नहीं टूटा हो

लागू होंगे नए अवकाश नियम: CCL में वेतन कटौती, EL को 'अधिकार' नहीं मानेगा MP वित्त विभाग

MP College Admission 2026: ई-प्रवेश दूसरे चरण की अलॉटमेंट लिस्ट जारी, 13 जून तक जमा करें फीस

सुरक्षित और नेचुरल तरीके से बाल करना है काले तो अपनाएं ये उपाय

बची हुई चाय को दोबारा गर्म करके पीने क्या होगा, जानें इसके बारे में?

अगर 40 की उम्र कर ली है पार और रहना चाहते हैं तंदरुस्त तो अपनाएं ये आदतें

ठंडा पानी पीने और मीठा खाने पर दांतों में होती है झनझनाहट तो हो जाएं सावधान, नहीं तो हो सकती है बड़ी समस्या

ठंड में बढ़ जाती है डिहाइड्रेशन की समस्या, जानें क्या है कारण ?

तनाव से चाहिए है छुटकारा तो इन चीजों से करें तौबा, अपनाएं ये सलाह